0 दोनों दलों के बागी प्रत्याशी भी मैदान में
0 मंगलवार को थम गया प्रचार
छुरिया- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर विकासखण्ड छुरिया के चार जिला पंचायत क्षेत्रों में चुनाव अभियान सरगर्मी पर है । चुनाव जीतने भाजपा कांग्रेस ने अपने अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है । जहां दोनों दलों ने रणनीति बनाकर चुनाव में ताकत झोंक दी है । वहीं दो जिला पंचायतों में कांग्रेस एवं भाजपा के बागी प्रत्याशियों के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव में है । आज मंगलवार को दोपहर तीन बजे के बाद इन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार थम जायेगा । वही रात्रि दस बजे के बाद ध्वनियंत्र पर रोक लग जायेगी । बुधवार को प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसपंर्क अभियान के तहत मतदाताओं के पास पहुंचकर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।
जिला पंचायत क्षेत्र 12 गैन्दाटोला में जहां भाजपा ने किरण रविन्द्र वैष्णव को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है । जहां पूर्व सांसद एवं राजनांदगांव से निर्वाचित महापौर मधुसूदन यादव ने गैन्दाटोला में सभा कर भाजपा कार्यकर्ताओं को रिचार्ज कर उन्होंने कहा कि देश में मोदी की गारंटी व राज्य शासन के जनहित कल्याणकारी योजनाओं पर जनता को पूरा विश्वास है । पार्टी के प्रत्याशी को चुनाव जिताने कीअपील की । वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी ने पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी सिन्हा पर संगठन एवं विधायक भोलाराम साहू ने भरोसा जताते हुए उन्हें कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी बनाया है । वे लगातार क्षेत्र का दौरा कर श्रीमती सिन्हा के पक्ष में मतदाताओं को मतदान करने की अपील कर रहे है। । इधर इस क्षेत्र से भाजपा के बागी एवं पार्टी से निष्कासित प्रत्याशी हिरेन्द्र साहू एवं कांग्रेस के बागी प्रत्याशी चुम्मन साहू भी इस बार निर्दलीय प्रत्याशी बन चुनाव लड़ रहे हैं । दोनों ही प्रत्याशियों ने पूरे दमखम के साथ अपना प्रचार प्रसार एवं चुनाव चिन्ह लेकर मतदाताओं के पास पहुंच रहे हैं । इनके चुनाव मैदान में होने से भाजपा एवं कांग्रेस को कड़ी टक्कर मिल रही हैं ।
कांग्रेस में टिकट वितरण से खफा जिला पंचायत सदस्य कांति भंडारी ने बागी रूख अख्तियार करते हुए दूसरी बार जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 13 कुमर्दा से चुनाव लड़ रही है । वहीं भाजपा ने गोपाल भूआर्य को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है । कांग्रेस से खुज्जी विधायक की पसंद प्रताप धावड़े को अधिकृत कर इस बार भाजपा एवं कांग्रेस के अलावा बागी प्रत्याशी सहित तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में है । जिला पंचायत क्षेत्र क्र. 10 घोरतलाव से कांग्रेस से अधिकृत प्रत्याशी रामछत्रीय चंद्रवंशी एवं भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी अनिता चंद्रवंशी को चुनाव में उतारा है । वहीं जिला पंचायत क्षेत्र क्र. 11 बम्हनी से भी भाजपा कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों में सीधी टक्कर है । यहां कांग्रेस ने श्रीमती अश्वनी मंडलोई वहीं भाजपा से बिरम बाई चुनावी मैदान में है इन दोनों ही जिला पंचायत क्षेत्रों में भाजपा एवं कांग्रेस में सीधा मुकाबला होना है ।