महाकाल मंदिर उज्जैन के दर्शन कर छुरिया लौट रही दर्शनार्थियों की बस ओवरटेक करते समय ट्रक के पीछे भिड़ गई। दुर्घटना में दो की मौत हो गई। मृतकों में एक रायपुर व दूसरा दुर्ग का रहने वाला था। 15 लोग घायल हुए हैं। घटना गुरुवार सुबह करीब पांच बजे नेशनल हाइवे में महाराष्ट्र भंडारा से लगे ग्राम साकोली के पास हुई है।

राजनांदगांव। महाकाल मंदिर उज्जैन के दर्शन कर छुरिया लौट रही दर्शनार्थियों की बस ओवरटेक करते समय ट्रक के पीछे भिड़ गई। दुर्घटना में दो की मौत हो गई। मृतकों में एक रायपुर व दूसरा दुर्ग का रहने वाला था। 15 लोग घायल हुए हैं।
घटना गुरुवार सुबह करीब पांच बजे नेशनल हाइवे में महाराष्ट्र भंडारा से लगे ग्राम साकोली के पास हुई है। घायलों को साकोली और भंडारा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में कुल 22 लोग सवार थे। सभी राजनांदगांव जिले के छुरिया ब्लाक मुख्यालय से महाकाल के दर्शन के लिए बीते 10 जुलाई को उज्जैन गए थे। लौटते समय यह हादसा हुआ। बस में छुरिया जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष एकांत चंद्राकर भी थे। उन्होंने बताया कि सभी परिवार के ही लोग हैं। रिश्तेदार और परिचित के लोग मिलकर ही उज्जैन रवाना हुए थे। साकोली पुलिस मामले की जांच कर रही है। सभी घायल खतरे से बाहर है।
बताया गया कि छुरिया से बस सीजी 08 एएस 0891 बीते दस जुलाई को जनपद पंचायत उपाध्यक्ष एकांत चंद्राकर व उनके रिश्तेदार और परिचित की बुकिंग में उज्जैन रवाना हुई थी। बुधवार को सभी वापसी के लिए बस में सवार हुए। तभी साकोली में नेशनल हाइवे में ओवरटेक करते समय दर्शनार्थियों से भरी बस सामने चल रही ट्रक ओडी 05 बीबी 5510 के पीछे जा घुसी। घटना का कारण तो स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि ओवरटेक करने की हड़बड़ी में बस ट्रक के पीछे हिस्से में जा घुसी है। इस घटना में छुरिया जपं उपाध्यक्ष एकांत चंद्राकर के रिश्तेदार दुर्ग निवासी बंटी चंद्राकर (36 वर्ष) और रायपुर की पुष्पांजलि शर्मा (53 वर्ष) की मौत हो गई। एकांत चंद्राकर ने बताया कि बंटी चंद्राकर उनके रिश्तेदार हैं। वहीं पुष्पांजलि शर्मा उनकी मां की क्लासमेट फ्रेंड है, जो साथ में उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए हमारे साथ आयी थी। घटना में घायल सभी 15 लोगों को खिड़कियों की तरफ से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को ज्यादातर सिर व हाथ-पैर में चोट लगी है। सभी की स्थिति सामान्य बताई गई है।