राजनांदगांव। औंधी पुलिस ने दो महीने से फरार शराब तस्करी के मास्टर माइंट आरोपित बोड़ेगांव निवासी संजीत उर्फ लंबू साना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित संजीत पिछले दो माह से फरार था। शराब तस्करी के मामले में औंधी पुलिस ने पहले ही तीन आरोपित कांकेर जिले के बांदे अशुतोष नगर निवासी मनुतोष मंडल, मेढ़ाखुर्द निवासी जयराम दुग्गा और एक विधि से संघर्षरत बालक को पहले ही पकड़ लिया है। चारों लोग मिलकर बीते 26 जनवरी को शराब की अवैध तस्करी कर मेढ़ाखुर्द निवासी जयराम दुग्गा के घर पहुंचे थे। उसके घर के सामने 20 पेटी और आंगन में 58 पेटी डंप किए थे। यानी कुल 78 पेटी शराब माफियाओं ने डंप किया था, जिसे सूचना मिलते ही पुलिस ने बरामद कर लिया था। शराब के साथ पुलिस ने परिवहन में उपयोग किए मालवाहक को भी जब्ती किया था। वहीं कार्रवाई के दौरान तीन लोगों की गिरफ्तारी तक की थी। चौथा और तस्करी का मास्टर माइंट आरोपित संजीत साना उर्फ लंबू फरार था, जिसे मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपित के घर में दबिश दी। आरोपित संजीत अपने घर-परिवार के साथ मिलने पहुंचा था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित संजीत को उसके घर से ही गिरफ्तार किया। आरोपित को गिरफ्तार करने औंधी पुलिस सुबह करीब पांच बजे ही उसके गांव में दबिश दी थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपित से पूछताछ की गई, जिसमें आरोपित संजीत ने शराब तस्करी का जुर्म कबूल किया। इसके बाद विधिवत गिरफ्तारी कर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। इस कार्रवाई के दौरान औंधी थाना प्रभारी तारन दास डहरिया, उप निरीक्षक मकरध्वज प्रधान, प्रधान आरक्षक शंकर कारूपिक, तेजकुमार किसपोट्टा, लुकड़ू सिंह, आरक्षक कमलेश कौशल, बेदराम राज, छन्नाुलाल व अन्य आरक्षक मौजूद थे।