हसनपुर (अमरोहा)। भारतीय किसान यूनियन शंकर की पंचायत में किसानों ने कहा कि क्षेत्र में बिजली कटौती का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। फसल की सिंचाई के लिए पर्याप्त मात्रा में बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही। जिससे किसान परेशान हैं। इसे सहन नहीं किया जाएगा। समस्याओं का निराकरण कराने के लिए किसानों ने उप जिला अधिकारी अशोक कुमार शर्मा को ज्ञापन भी सौंपा। बुधवार को भाकियू शंकर की मासिक पंचायत का आयोजन नवीन मंडी स्थल परिसर में किया गया। अध्यक्षता हरकेश सिंह व संचालन उदयवीर सिंह ने किया। ब्लॉक अध्यक्ष धीरज सिंह ने कहा कि आवारा गोवंश पशुओं को गोशाला भिजवाया जाए। मई और जून माह में किसानों को शासन आदेशानुसार 14 घंटे प्रतिदिन निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। नलकूपों पर मीटर ना लगाए जाएं। विद्युत बिल माफ होने के बावजूद भी किसानों पर लगातार बिल आ रहा है। हसनपुर में रहरा अड्डा, संभल अड्डा, गजरौला अड्डा से लगातार अवैध टैक्सी स्टैंड व डग्गामार वाहनों का संचालन हो रहा है। लेकिन जिम्मेदारों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। केंद्र सरकार द्वारा हर घर नल, हर घर जल योजना के अंतर्गत गांव गांव शुद्ध पेयजल मुहैया कराने हेतु ओवरहेड टैंकों का निर्माण किया जा रहा है। लेकिन किसी गांव में भी टोटियों में पानी नहीं निकल रहा। जांच कर ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए। समस्याओं का समाधान 10 जून तक नहीं होता है, तो भारतीय किसान यूनियन शंकर आंदोलन करने को मजबूर होगी। बैठक में तहसील अध्यक्ष देवेंद्र सैनी, योगेश कुमार, प्रमोद कुमार, धनेश ठाकुर, शेर सिंह राणा,कृपाल सिंह, राजू चौहान,हरकेश, गंगाराम सिंह, राजपाल सिंह, सतपाल सिंह, धीरज सिंह, सुरेंद्र सिंह, मनोज, नेतराम,पूजा चौधरी, जगरूप सिंह आदि किसान मौजूद रहे।