राजस्व के लंबित प्रकरणों पर गहरी नाराजगी जाहिर की, लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव 27 अक्टूबर। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों पर गहरी नाराजगी जाहिर की और कहा कि इन प्रकरणों का निराकरण जल्द ही किया जाए। जिले का राजस्व अमला इस कार्य को गंभीरता से करे। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि राजस्व की लगातार शिकायत मिल रही है जो सही नहीं है। सभी पटवारी, राजस्व निरीक्षक, तहसीलदार एवं अन्य राजस्व अधिकारी लगातार कार्य करें और लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करें।
कलेक्टर श्री वर्मा ने नजूल भू-भाटक की वसूली की जानकारी, व्यपवर्तन भू-भाटक वसूली की जानकारी, डायवर्सन की वसूली, नया डायवर्सन प्रकरणों का निराकरण, अविवादित, विवादित नामांतरण प्रकरणों के निराकरण की जानकारी, अविवादित, विवादित बटवारा प्रकरणों के निराकरण की जानकारी, सीमांकन प्रकरणों के निराकरण की जानकारी, राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत एवं सड़क दुर्घटना में प्रभावित व्यक्तियों को अनुदान सहायता राशि का भुगतान, ओलावृष्टि, असामयिक वर्षा से हुई फसल की क्षति का सहायता अनुदान, मुख्यमंत्री सहायता कोष में दी गई राशि का भुगतान, नवीन राजस्व ग्राम निर्माण की प्रगति, मसाहती एवं अनसर्वेड ग्रामों का अभिलेख निर्माण तथा वन अधिकार पत्र के संबंध में विस्तार से समीक्षा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर हरिकृष्ण शर्मा, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए विकासखंड स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे।