० एक नवंबर धान खरीदी का फैसला स्वागतयोग्य : महेन्द्र यादव
राजनांदगांव। जिला पंचायत सदस्य व प्रदेश किसान कांग्रेस के महामंत्री महेंद्र यादव ने एक नवंबर से धान उपार्जन शुरु किए जाने की मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा पर हर्ष व्यक्त किया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने 19 सितंबर को दल्लीराजहरा में भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान एक नवंबर से धान खरीदी शुरु किए जाने की घोषणा की है।
महेन्द्र यादव ने कहा कि, माटीपुत्र मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ज्ञात है कि अच्छी फसल किस तरह की खाद और किस तरह रख-रखाव से मिलती है। वे हमारे प्रदेश की भूमि को दूरदर्शी निर्णयों और योजनाओं जैसी खाद से सींच रहे हैं और इसकी पूरी देखभाल भी कर रहे हैं। इसका ही नतीजा है कि उनके पौने चार साल के कार्यकाल में राज्य ने वह सब हासिल किया जिसके लिए पूर्ववर्ती सरकार के 15 वर्षों के कार्यकाल में जनता तरस रही थी। हमारे मुख्यमंत्री किसान हैं और वे इन बातों को समझते हैं।
महामंत्री यादव ने आगे कहा कि, किसान मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी न्याय योजना शुरु की और इसका असर पूरे देश में पड़ा है। किसानों को उचित सम्मान देने के लिए अन्य प्रदेशों के किसान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की राज्य सरकार की सराहना करते हैं। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के दौरान यह राज्य किसानों की आत्महत्या के लिए जाना जाता था। 15 वर्षों के शोषण काल में हमने जितना खोया वह जल्द ही हासिल कर लेंगे।
श्री यादव ने कहा कि, एक नवंबर से धान उपार्जन शुरु हो रहा है। जिम्मेदारों को उपार्जन केंद्रों में समुचित व्यवस्था बनाने और दूसरी तैयारियां करने के निर्देश भी मुख्मयंत्री दे चुके हैं। जल्द शुरु हो रही धान खरीदी से किसानों को कई लाभ मिलेंगे। उन्हें धान के रख-रखाव के लिए ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा। श्री यादव ने इस घोषणा की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया है।