राजनांदगांव। लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले एक सप्ताह से हो रही बारिश की वजह से जन और धन की हानि होने लगी है। बारिश का कहर अब पुलिस चौकी और थानों में भी देखने को मिल रहा है।
राजनांदगांव शहर में स्थित चिखली पुलिस चौकी के समीप नाले में जल का स्तर बढ़ जाने से पुलिस चौकी परिसर में पानी भर गया है, जिससे पुलिसकर्मियों सहित चौकी आने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चिखली पुलिस चौकी का क्षेत्र बहुत बड़ा है और प्रतिदिन यहां क्षेत्र के काफी लोग अपनी समस्याओं को लेकर आते हैं। अब पुलिस चौकी के गेट में पानी भर जाने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इससे न केवल पुलिसकर्मियों का कामकाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि नागरिकों की समस्याएं भी बढ़ गई हैं।