चक्रवाती तूफान मिचौंग के असर से मौसम फिर बदल गया है। मंगलवार सुबह से रिमझिम बारिश शुरु हुई। जो दोपहर तक शहर सहित जिले के कई हिस्से में जारी रही। इससे दिन के तापमान में 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। जिससे दिन और रात के तापमान का अंतर महज 1 डिग्री रह गया है। दोपहर तक हुई बारिश के बाद शाम में हवा की गति भी तेज हो गई। अगले 24 घंटे 90 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। वहीं हवा में ठंडक भी है। जिससे पूरे दिन ठिठुरन की स्थिति रही। चक्रवाती तूफान लगातार प्रबल हो रहा है। जिसका असर छग के मौसम पर अगले दो दिन भी बना रहेगा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्से में बारिश की संभावना बनी हुई है।
जिन हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश की आशंका है, उसमें दुर्ग संभाग के जिले भी शामिल हैं। अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। इससे अब तापमान स्थिर बना रहेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान के असर खत्म होने तक ठंड की स्थिति नहीं बनेगी।
राजनांदगांव आंध्रप्रदेश में उठे चक्रवात मिचौंग का असर जिले में भी पड़ा है। कुछ इलाकों में सोमवार रात एवं मंगलवार को दिनभर हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम ने धान खरीदी पर भी पानी फेर दिया। मंगलवार को तीनों जिले के कई केंद्रों में खरीदी नहीं हो सकी। केंद्रों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं खरीदी केंद्रों में समिति कर्मी धान को बारिश से बचाने की मशक्कत करते दिखे। मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार को भी जिले में बारिश की संभावना जताई है।
जिससे समिति प्रबंधकों एवं खरीदी प्रभारियों का टेंशन बढ़ा हुआ है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में धान जाम होने की समस्या पर जिला राइस मिल एसोसिएशन एवं समिति प्रबंधकों की बैठक रखी गई। जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ के संयुक्त जिला अध्यक्ष ईश्वर श्रीवास ने डीओ जारी होने के बाद तत्काल उठाव करने, अवकाश के दिनों में उठाव करने, फटे पुराने बारदाने समितियों में नहीं भेजने की बात रखी। इस पर मिलर्स ने सहमति प्रदान की है। बैठक में जिला खाद्य अधिकारी भूपेंद्र मिश्रा, डिप्टी रजिस्ट्रार शिल्पा अग्रवाल, डीएमओ प्रियंका देवांगन, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ सुधीर सोनी, राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ईश्वर श्रीवास संघ के पदाधिकारी मौजूद थे।
ढाबा केंद्र में धान को ढंका मंगलवार को बूंदाबादी और हल्की बारिश के चलते मोहारा रोड स्थित ढाबा सोसाइटी में खरीदी नहीं हो सकी। टोकन लेने वाले कुछ किसान ट्रैक्टर में धान को ढंककर यहां पहुंचे। लेकिन हमाल, मजदूर, तौलाया नहीं होने के कारण किसानों का धान दोपहर तक नहीं तौला जा सका था। ढाबा सोसाइटी के प्रबंधक आरके देशमुख ने बताया बारिश के चलते धान को कैप कवर से ढंका गया है।
सुरगी व सिंघोला में प्रभावित सिंघोला सोसाइटी के प्रबंधक राजेश यादव ने बताया बारिश के चलते खरीदी प्रभावित रही। क्षेत्र में कटाई व मिंजाई की गति धीमी है। अब तक केवल 7 हजार क्विंटल धान खरीदा गया है। जबकि विगत वर्ष इसी अवधि में 30 हजार क्विंटल धान खरीदा गया था। आगामी दिनो में तेजी आएगी। सुरगी केन्द्र से जितेन्द्र चंद्राकर ने बताया मंगलवार को बारिश के कारण वहां भी धान खरीदी प्रभावित रही है। बुधवार को भी बारिश संभव है।