राजनांदगांव. बसंतपुर पुलिस की टीम ने मोहारा में स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेलते 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 16 हजार 300 रुपए जब्त किया गया है। बसंतपुर पुलिस ने बताया कि पेट्रोलिंग टीम को मोहारा इलाके में जुए के फड़ जमे होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने रविवार रात करीब 1.30 बजे मोहारा रोड पर दबिश दी। जहां जुआ खेलते राहुल सोनकर, रामप्रसाद साहू, अतुल सिंह राजपूत, रानू लाल जैन, भूपेंद्र सेन, हेमंत साहू, मोनू सोनकर और आनंद राजपूत को गिरफ्तार किया। आरोपियों से नकदी रकम सहित ताशपत्ती जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की जानकारी दी है।