राजनांदगांव | देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व.अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती तथा सुशासन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्चुअल माध्यम से राजनांदगांव जिले में आयोजित कार्यक्रम से जुड़े। वर्धमान नगर में 50 लाख रुपए की लागत से अटल परिसर का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय ने वर्धमान नगर में अटल परिसर का भूमिपूजन किया।
सांसद संतोष पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर का भूमिपूजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे व्यक्तित्व हैं, जिनका दुनिया लोहा मानती रही। गीत नया गाता हूं, हार नहीं मानंूगा रार नहीं ठानूंगा.., तेरा वैभव अमर रहे माँ हम रहे या न रहे.. जैसे उनकी प्रेरक पंक्तियां आज भी हमारा मनोबल बढ़ाती हैं। इस अवसर पर रमेश पटेल, शिव वर्मा, सुमित भाटिया, देवशरण सेन, गगन आईच, आभा तिवारी, मणिभास्कर गुप्ता, आलोक बिंदल, खेमीन यादव आदि मौजूद रहे।
प्रतिमा भी लगाई जाएगी वाजपेयी की स्मृति में राजनांदगांव शहर के वार्ड नंबर 19 जीई रोड किनारे मनराज होण्डा शोरूम के समीप अटल परिसर निर्माण कार्य के लिए 50 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसके तहत पेडस्टल, एमएस रेलिंग, सीमेंट म्यूरल, लैण्ड स्केपिंग कार्य सहित भारत रत्न स्व.अटल बिहारी वाजपेयी की धातु से निर्मित मूर्ति की स्थापना की जाएगी। इस दौरान वर्धमान नगर में आयोजित कार्यक्रम में भारत रत्न स्वर्गीय अटल की जीवन यात्रा को प्रदर्शित किया गया।