रायपुर। गोवा से ड्रग्स लाकर उसे रायपुर में बेचने वाले पांच आरोपियों को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की टीम ने सडडू स्थित अंबुजा मॉल के पास से पकड़ा है। आरोपियों से 6.9 ग्राम एमडी ड्रग्स पुलिसकर्मियों ने बरामद किया है। आरोपियों का नाम पुलिस द्वारा प्रखर मारवा, अभय कुमार मिर्चे, मोह. आवेश, प्रिया स्वर्णकार और नेहा भगत बताया जा रहा है।
रईसजादों के साथ उठना बैठना
आरोपियों के मोबाइल से पुलिस को कई रईसजादों की फोटो मिली है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने इनसे जान पहचान होने की बात स्वीकारी है। पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों की शैक्षणिक संस्थानों के अंदर तक पैठ है। आरोपियों के जद में कई युवा है, ऐसा पुलिस का अनुमान है।
नशे के कारोबार में उतर रही युवतियां
शनिवार को हुई आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का अनुमान है कि नशे के कारोबार में अब युवतियां उतर रही है। इससे पहले भी रायपुर पुलिस के आरोपी ड्रग्स और नशीली सामग्री बेचने के मामले में कार्रवाई करके चार युवतियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने पहली गिरफ्तारी राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में, दूसरी गिरफ्तारी पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में, तीसरी गिरफ्तारी माना थाना क्षेत्र और चौथी गिरफ्तारी शनिवार की रात को पंडरी थाना क्षेत्र की है। जो युवतियां और युवक गिरफ्तार हुए है, वे सभी संपन्न परिवारों से ताल्लुक रखते हैं।
पूछताछ में इन गैंग ने ये बात कबूली है कि न्यू ईयर की पार्टीज में खपाने के लिए ड्रग्स लाया गया है। पुलिस के पास भी इनपुट है कि जश्न की आड़ में ड्रग्सबाजी की जाएगी। पुलिस ने गिरफ्तार हुए गैंग के पास ड्रग्स के 18 पैकेट बरामद किए हैं। प्रखर दलदल सिवनी के तेंदुआ अपार्टमेंट का रहने वाला है, अभय कुमार तेलीबांधा, मोहम्मद आवेश बैरन बाजार, प्रिया मारुती रेसीडेंसी अमलीडीह और नेहा VIP स्टेट शंकर नगर की रहने वाली है।
16 दिन पहले रायपुर पुलिस की गिरफ्त में एक ऐसी गर्लफ्रेंड आई थी जो ड्रग्स की शौकीन थी। बॉयफ्रेंड और अपने दोस्तों के साथ ड्रग्स लिया करती थी। इसे स्मगल करने की कोशिश में थी मगर पकड़ी गई। इस लड़की को NCB( नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) की टीम ने रायपुर के एयरपोर्ट से पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया है। इनके पास से तीन ग्राम मैथाफेटामाईन नाम ड्रग्स मिला था।
जिस लड़की को पुलिस ने पकड़ा था उसका नाम दीप्ति रानी भारद्वाज है। 29 साल की दीप्ति कोरबा के पाली की रहने वाली है। इसका आना जाना रायपुर में हुआ करता था। यहां इसका बॉयफ्रैंड संदीप चंद्राकर रहा करता था। ये युवक मूलत: महासमुंद का रहने वाला है। इन दोनों के बारे में NCB को टिप मिली थी कि ये ड्रग्स गोवा ले जा रहे हैं। एयरपोर्ट से इन्हें गोवा जाते वक्त पकड़ लिया गया।
बड़ी ही चालाकी से इन लवर्स ने ड्रग्स को कूरियर के जरिए गोवा के एक पते पर भेजने का प्लान बनाया। इन्हें डर था कि ये एयरपोर्ट पर पकड़े जा सकते हैं। इसलिए प्लान ये था कि टी शर्ट में ड्रग्स रखकर किसी कूरियर कंपनी से गोवा भेजेंगे। फिर अपने बताए पते पर गोवा जाकर पार्सल रिसीव कर लेंगे। दोनों ने ऐसा ही किया। असल में दोनों ने गोवा जाकर पार्टी करने और छुट्टी मनाने की प्लानिंग की थी।