रायपुर। रायपुर में राहुल गांधी के दौरे का विरोध करने वाले भाजयुमो के 50 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं पुलिस ने तड़के हिरासत में लिया है। पुलिस ने अजय सोनी, अजय शर्मा, रवि सोनकर, आशिश ओम साहूस किशोर सोनी, राज तांडी, चंदन तिवारी, राजा वर्मा, गोलू साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर टिकरापारा थाना में बैठाया है। राहुल गांधी के रायपुर में राजीव गांधी किसान न्याय योजना और नया रायपुर में अमर जवान ज्योति का शिलान्यास करने की योजना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है। पहले से ही राहुल के आगमन पर विरोध को देखते हुए सरकार के निर्देश पर सख्ती की गई है। कार्यक्रम में किसी तरह का विरोध न हो इसके लिए सुरक्षा पुख्ता की गई है। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर सुरक्षा तगड़ी की गई है। गौरतलब है कि भाजपा ने राहुल के दौरे कई तरह के सवाल उठाए हैं।
किसानों को चारों तरफ से पुलिस ने घेरा
नवा रायपुर में धरना दे रहे किसानों के धरना स्थल पर पुलिस की तैनाती की गई है। राहुल गांधी से मिलकर अपनी जमीन के मुआवजे की मांग के लिए किसान धरना दे रहे हैंं। राहुल गांधी से मिलने के लिए नवा रायपुर से साइंस कॉलेज तक किसानों ने जाने का ऐलान किया था। कार्यक्रम में व्यवधान न हो इसके लिए किसानों को रोकने पुलिस ने धरना स्थल के पास सभी तरफ की बेरिकेडिंग की है।
एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई सुरक्षा
नया रायपुर में धरना दे रहे किसानों के राहुल गांधी से मिलने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग खड़ी पुलिस
राहुल गांधी के रायपुर आगमन के मद्देनजर किसी तरह का विरोध प्रदर्शन न हो, इसके लिए एयरपोर्ट पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। राहुल गांधी के एयरपोर्ट से साइंस कालेज तक बस से जाने को देखते हुए रायपुर में कई जगह यातायात रोका गया है।