राजनांदगांव। स्वामी आत्मानंद विद्यालय मोहला और कन्या उमा विद्यालय मोहला के विद्यार्थियों ने शासकीय कार्य के तौर तरीके व उनके क्रियान्वयन को समझने के लिए एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा महिला एवं बाल विकास विभाग का शैक्षणिक भ्रमण किया। एसडीएम कार्यालय के अवलोकन के दौरान विद्यार्थियों को मोहला एसडीएम नीलम ने विद्यार्थियों को बताया कि किस प्रकार के आम जनता से प्राप्त समस्याओं, आवेदनों तथा उनको देने वाली सुविधाओं का निराकरण किया जाता है।
नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, भूमि अर्जन तथा विवादित प्रकरणों को सुलझाने की शासकीय प्रक्रिया को भी बताएं। विभिन्ना आनलाइन पोर्टल जो आम जनता की सुविधा के लिए है, के बारे में भी विद्यार्थियों को बताया गया। एसडीएम कार्यालय के अवलोकन के समय कृष्णा सिंह राजपूत, शंभूराम साहू, रूपदास साहू, राजेंद्र चौरे बच्चो के बीच उपस्थित रहे।
योजनाओं की दी जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग के सुरजा ध्रुव द्वारा किशोरी बालिकाओं, गर्भवती माताओं तथा शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों से संबंधित विभिन्ना जनकल्याणकारी योजनाओं और उन में हितग्राही के आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी विद्यार्थियों को दी। शासकीय कार्यालयों के इस तरह के अवलोकन के नवाचार से विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखा गया बच्चों का कहना है कि आज तक उन्होंने कार्यालयों को बाहर से ही देखा था, आज शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा किस तरह से कार्य किया जाता है इसे जानकर अच्छा लगा। इस शैक्षणिक भ्रमण के बाद कई विद्यार्थियों में प्रशासनिक अधिकारी बनने की ललक बढ़ती नजर आई। विद्यार्थियों के इस भ्रमण के दौरान बीईओ राजेंद्र कुमार देवांगन, शिक्षक मुकेश कुमार, अंजना सिंह, पूनम मिश्रा उपस्थित रहे।