सूरजपुर की भेंट-मुलाकात कार्यक्रम से जुड़ा एक महिला का अधूरा वीडियो जारी करके मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को घेरने का भाजपा का दांव उलटा पड़ गया है। इंटरनेट मीडिया पर भाजपा ने सिमरन अग्रवाल का एक वीडियो जारी किया था। उसमें मुख्यमंत्री महिला को नेतागीरी नहीं करने की बात कह रहे हैं। अब कांग्रेस ने कार्यक्रम का पूरा वीडियो जारी कर भाजपा नेताओं की साजिश को जनता के सामने लाया है। इसमें मुख्यमंत्री बघेल न सिर्फ सिमरन की पूरी बात सुनते नजर आ रहे हैं, बल्कि यह सलाह भी दे रहे हैं कि पुलिस के खिलाफ सबूत है, तो उसे कोर्ट में पेश करें और पुलिसवालों को भी पार्टी बनाएं। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, सहप्रभारी नितिन नबीन सहित ज्यादातर भाजपा नेताओं ने अधूरा वीडियो ट्वीट कर मुख्यमंत्री की कार्यप्रण्ााली पर सवाल खड़ा किया था।दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक बार फिर सरगुजा रवाना होने से पहले हेलीपैड पर मीडिया से चर्चा में कहा कि वह महिला अपनी बात कर रही थी। वो दुखी थी। अपनी पीड़ा बता रही थी। मुझे उस वक्त डांटना नहीं चाहिए था। इस बात का मुझे दुख है, लेकिन भाजपा नेता इस तरह का वीडियो अपलोड कर निम्न स्तर की राजनीति कर रहे हैं। वे अपनी पोजीशन बचाने के लिए बदनाम करने की साजिश रचते हैं। भाजपा नेताओं ने जिस वीडियो को ट्वीट किया था, उसमें मुख्यमंत्री की डांट के बाद की बात को हटा दिया गया था। वीडियो में मैं महिला से कह रहा हूं, आपकी बात मैं सुन रहा हूं। नेतागीरी मत करिए। जब मैं सार्वजनिक सबसे मिल रहा हूं, तो कोई एसपी किसी को कैसे रोक लेगा?
कांग्रेस ने ‘पूरा न्याय, पूरा सच” शीर्षक के साथ वीडियो जारी किया है। उसके बाद सिमरन ने बताया कि झूठे आरोप लगाकर उसे और उसके परिवार को फंसाया गया। इसका उसके पास सबूत भी है। सीसीटीवी फुटेज, पति का बयान, आडियो, वीडियो सब है। सीएम ने पूछा कि हुआ क्या है, तो सिमरन ने बताया कि मेरे ससुराल के लोग बार-बार हमला कराते हैं। सीएम ने पूछा कि घटना कब की है, तो महिला ने बताया कि 2020 से 2022 के बीच की घटनाएं हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने एसपी से कहा कि घटना की पूरी जानकारी बताएं। इस पर एसपी ने इस मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी दी। महिला ने कहा कि पुलिस ने सभी सबूत मिटा दिए हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री बघेल ने महिला से कहा- एक काम करिए, न्यायालय में पुलिस वालों के खिलाफ शिकायत करवा दीजिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो पुलिस वाले गलतबयानी किए हैं, उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज होगी।