राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय असम दौरे पर काजीरंगा पहुंच गई हैं। बोकाखाट में राज्य के वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। यहां उन्होंने बागोरी रेंज में जीप सफारी की।
अधिकारियों ने बताया कि असम दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में जीप सफारी का आनंद लिया। साथ ही वह मिहिमुख प्वाइंट से पार्क के अंदर गईं। वहां उन्होंने अन्य जानवरों के अलावा एक सींग वाले गैंडे, जंगली भैंस, हिरण और पक्षियों को देखा। इतना ही नहीं राष्ट्रपति ने पार्क के अंदर हाथियों को खाना भी खिलाया।
बता दें, राष्ट्रपति मुर्मू शुक्रवार को काजीरंगा नेशनल पार्क हाई स्कूल के खेल मैदान में दो दिवसीय ‘गज उत्सव-2023’ (हाथी महोत्सव) का उद्घाटन करने वाली हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस मौके पर असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रपति शुक्रवार दोपहर में गुवाहाटी के लिए रवाना हो जाएंगी, जहां वह माउंट कंचनजंगा अभियान-2023′ को हरी झंडी दिखाएंगी। साथ ही शाम को गौहाटी उच्च न्यायालय के प्लेटिनम जयंती समारोह में भाग लेंगी। असम यात्रा के तीसरे और अंतिम दिन यानी शनिवार को राष्ट्रपति तेजपुर का दौरा करेंगी। यहां वह वायुसेना केंद्र से सुखोई 30 लड़ाकू विमान में उड़ान भरेंगी। इससे पहले 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने अग्रिम मोर्चे के लड़ाकू विमान में उड़ान भर चुकी हैं।
गौरतलब है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार से तीन दिवसीय असम दौरे गुरुवार दोपहर बाद असम पहुंची हैं। हवाई अड्डे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उनका स्वागत किया था। राष्ट्रपति की अगवानी के लिए राज्यापल गुलाब चंद कटारिया भी हवाई अड्डे पर मौजूद रहे। अमस के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट में लिखा, आदरणीया राष्ट्रपति जी, असम में आपका स्वागत है। आपकी गरिमामयी उपस्थिति और आशीर्वाद पाकर हम बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं।