छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, रायगढ़ सहित अन्य जिलों में सुबह-सुबह ईडी ने राज्य के कई अफसरों के घर धावा बोलकर छापेमारी शुरू कर दी है। ये सभी अफसर सीएम भूपेश बघेल के करीबी बताए जा रहे हैं।छत्तीसगढ़ के कई शहरों में ईडी ने आज सुबह-सुबह एक बार फिर से छापेमारी की है।
इस बार ईडी ने राज्य के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ कारोबारियों के घर पर भी छापेमारी की है। जिसमें कुछ ऐसे भी लोग शामिल हैं जिन पर पहले आईटी की भी रेड पड़ चुकी है। छत्तीसगढ़ में इस बार ईडी ने दुर्ग, रायपुर, रायगढ़ और महासमुंद सहित कई जगहों पर छापा मारा है।
इन अधिकारियों के घर चल रही छापेमारीछत्तीसगढ़ के दुर्ग में मुख्यमंत्री बघेल की ओएसडी सौम्या चौरसिया, रायगढ़ में कलेक्टर रानू साहू के आवास पर, महासमुंद में अग्नि चंद्राकर, सूर्यकांत तिवारी, माइनिंग हेड आईएएस जेपी मौर्य के रायपुर स्थित आवास पर, रायगढ़ के गांजा चौक निवासी नवनीत तिवारी, प्रिंस भाटिया, सीए सुनील अग्रवाल के ठिकानों पर ईडी की कार्यवाही जारी है। सुबह पांच बजे से चल रही छापेमारीबताया जा रहा है कि सुबह पांच बजे से इन सभी के घर ईडी दर्जनभर टीम के साथ रेड कर रही है। बता दें कि इससे पहले भी आईटी और ईडी द्वारा मुख्यमंत्री की ओ एच डी सौम्या चौरसिया, कलेक्टर रानू साहू, सूर्यकांत तिवारी से पहले भी पूछताछ की जा चुकी है। इस दौरान कोयला व्यापारी सूर्यकांत तिवारी और सौम्या चौरसिया के घर से बड़ी मात्रा में लगभग 200 करोड रुपये की चल अचल संपत्ति सामने आई थी।
ईडी की कार्रवाई पर सीएम बघेल ने केंद्र पर साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ईडी की कार्रवाई पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री बघेल ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, भारतीय जनता पार्टी सीधे लड़ नहीं पा रही है। इसलिए ईडी, आईटी के माध्यम से लड़ने की कोशिश कर रही है। पहले ही कह चुका हूं कि यह फिर आएंगे, ये आखिरी नहीं है।इसके बाद और आयेंगे। और चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आएगा, इनका दौरा और बढ़ेगा। डराने-धमकाने का काम है, इसके अलावा और कुछ नहीं।
कांग्रेस नेता के नक्सली कनेक्शन के मुद्दे पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखने पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा, नक्सली के साथ बीजेपी के साठगांठ रहे हैं। उनके पुराने इतिहास उठाकर देखिए।
इसका सबसे बड़ा उदाहरण झीरमघाटी है। जो राजनीतिक षड्यंत्र है। उस पर तो ये कुछ कर नहीं रहे हैं। उत्तर प्रदेश के सैफई रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री बघेल ने मीडिया से चर्चा में यह बातें कहीं।