हमीरपुर जिले के भरुआसुमेरपुर कोतवाली क्षेत्र में खेल-खेल में कक्षा तीन के छात्र ने मौसी के घर फंदा लगाकर जान दे दी। खेत से भूसा लेकर लौटे मौसा-मौसी को छात्र का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मौदहा के घटकना गांव निवासी ब्रह्मदत्त साहू का पुत्र अमन (9) चंदपुरवा बुजुर्ग गांव निवासी मौसा श्याम साहू व मौसी राजदुलारी के पास रहकर पढ़ाई कर रहा था। अमन के माता-पिता ईंट-भट्ठे में मजदूरी करने गए हुए हैं। रविवार सुबह मौसा व मौसी खेतों से भूसा लाने गए थे।घर पर अमन अपनी मौसेरी बहन शिवानी (12) के साथ खेल रहा था। जब मौसा-मौसी भूसा लेकर घर लौटे तो अमन फंदे पर लटका मिला। मौसा उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाए, वहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।दुपट्टे से लगाया था फंदापरिवार के सुरेंद्र साहू ने बताया कि घटना करीब साढ़े 11 बजे की है। बताया कि घर में मौजूद उसकी मौसेरी बहन शिवानी सब्जी लेने चली गई थी। अमन घर पर खेल रहा था। बहन के जाने के बाद अमन कमरे की कुंडी बंद करके धन्नी में दुपट्टे से फंदा लगाकर झूल गया।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाईमासूम के माता-पिता को घटना से अवगत करा दिया गया है। वहीं फैक्टरी एरिया पुलिस चौकी इंचार्ज राहुल मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया खेल-खेल में फंदा लगाने का मामला सामने आया है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।