छत्तीसगढ़ में लगातार दूसरे महीने बेरोजगारी की दर एक प्रतिशत से कम दर्ज की गई है। सेंटर फार मानिटरिंग इंडियन इकोनामी (सीएमआइ) की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में अप्रैल में बेरोजगारी दर 0.6 प्रतिशत रही, जो हिमाचल प्रदेश के 0.2 प्रतिशत के बाद सबसे कम है। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर यह दर 7.8 प्रतिशत रही। इससे पहले मार्च में भी राज्य में बेरोजगारी की दर 0.6 प्रतिशत ही थी।
सीएमआइ की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में करीब एक वर्ष से बेरोजगारी की दर पांच प्रतिशत से नीचे चल रही है। पिछले साल मई में यह आठ प्रतिशत थी। इसके बाद सितंबर 2021 में 4.4 प्रतिशत दर्ज की गई थी। बाकी महीनों में यह एक से तीन प्रतिशत के बीच रही है
अर्थव्यवस्था के जानकारों के अनुसार प्रदेश की 75 प्रतिशत से अधिक आबादी गांवों में रहती है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत सरकार ने एक वर्ष में लगभग 22 लाख किसानों को पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी है। वहीं गोधन न्याय योजना में करीब सवा लाख लोगों को रोजगार मिल रहा है। इसी तरह वनांचलों में लघु वनोपज संग्रहण लोगों की आय का जरिया बना हुआ है।
प्रदेश सरकार साढ़े तीन वर्षों में करीब साढ़े पांच लाख लोगों को रोजगार देने का दावा करती है। इसमें सरकारी सेवा में 20 हजार और औद्योगिक क्षेत्र में 10 हजार के साथ सबसे ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में पांच लाख लोगों को रोजगार देने का दावा है।
राज्य सरकार के दावों के विपरीत हैं आंकड़े
अर्थशास्त्री डा. हनुमंत यादव के अनुसार यह दर राज्य के स्तर पर तो अच्छी कही जा सकती है, लेकिन यह रिपोर्ट राज्य सरकार के दावों के विपरीत है। राज्य सरकार बड़े स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने का दावा कर रही है। इस हिसाब से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश को पहले स्थान पर होना चाहिए था, लेकिन वह दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि वैसे भी अभी दो महीने मई व जून में पूरे देश में बेरोजगारी दर बढ़ी रहेगी, क्योंकि देश की अर्थव्यवस्था कृषि आधारित है। इन दो महीनों में कृषि कार्य बंद रहता है।
बेरोजगारी दर छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय
जनवरी 3.0 6.6
फरवरी 1.7 8.1
मार्च 0.6 7.6
अप्रैल 0.6 7.8
इन राज्यों में कम बेरोजगारी
हिमाचल 0.2
छत्तीसगढ़ 0.6
असम 1.2
ओडिश्ाा 1.5
मध्य प्रदेश्ा 1.6
गुजरात 1.6
कर्नाटक 2.7
उत्तर प्रदेश 2.9
महाराष्ट्र 3.1
तमिलनाडु 3.2
इन राज्यों में ज्यादा बेरोजगारी
हरियाणा 34.5
राजस्थान 28.8
बिहार 21.1
जम्मू-कश्मीर 15.6
गोवा 15.5
झारखंड 14.2
दिल्ली 11.2
तेलंगाना 9.9
पंजाब 7.2
बंगाल 6.2
केरला 5.8
आंध्र प्रदेश 5.3
उत्तराखंड 5.3