डॉक्टर्स डे पर गुरुवार को भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने बसंतपुर स्थित मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचकर डॉक्टरों को शॉल, श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। डॉक्टरों की सेवा भावना की सराहना करते हुए नेताओं ने कहा कि कोविडकाल में डॉक्टरों ने देवदूत की तरह काम किया, नहीं तो हजारों लोगों की जान जाती पर इनकी सूझबूझ की वजह से जिले में कोरोना संक्रमण तेजी के साथ नियंत्रित हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की टीम ने डॉक्टरों को गुलाब का फूल भेंटकर सम्मानित किया।
डॉक्टरों से की मुलाकात: पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने डॉक्टरों से मुलाकात की और सम्मान करने के बाद शिफ्टिंग सहित अन्य गतिविधियों और समस्याओं पर भी चर्चा की। हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि शिफ्टिंग का काम तेजी से चल रहा है और जुलाई के अंतिम सप्ताह तक पूरे विभाग वहां शिफ्ट कर दिए जाएंगे। इसके बाद पेंड्री में ही अस्पताल का संचालन शुरू कर देंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों की सेवा भावना की सराहना की और कहा कि जो भी समस्याएं आएंगी उसकी तत्काल सूचना देंगे। समस्याओं को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा कर समाधान का प्रयास करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कोरोनाकाल के दौरान की गई सेवा को लेकर डॉक्टरों के जज्बे की तारीफ की।
परिवार से दूर रहकर डॉक्टरों ने दी सेवा , भाजयुमो ने गुलाब का फूल भेंट किया
भारतीय जनता युवा मोर्चा की टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों को गुलाब का फूल भेंटकर सम्मानित किया। भाजयुमो जिला अध्यक्ष मोनू बहादूर सिंह ने कहा कि कोविडकाल में डॉक्टरों ने खुद की जान की परवाह न करते हुए सेवा की है। इससे बड़ी बात क्या हो सकती है जो कि परिवार से दूर रहकर सेवा करते आ रहे हैं। डॉक्टरों से लेकर नर्सेज और सफाई कर्मियों को भी गुलाब का फूल भेंट किया। योगदान को सराहा। इस दौरान भाजयुमो अध्यक्ष मोनू बहादूर सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सद्स्य गोलू सूर्यवंशी, मंडल अध्यक्ष गोलु गुप्ता, सुमीत भाटिया, विवेक शर्मा, पिन्टू वर्मा, प्रखर श्रीवास्तव व अन्य उपस्थित रहे।
छाबड़ा ने डॉक्टरों को हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
इधर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों का सम्मान किया। शॉल, श्रीफल भेंट करते हुए सेवा भावना की सराहना की। कहा कि कोविडकाल हो या फिर कोई भी इमरजेंसी की स्थिति हो, डॉक्टरों ने हिम्मत के साथ मरीजों की सेवा की है। इसी का ही परिणाम है कि जिले में हजारों लोग कोविड से संक्रमित होने के बाद स्वस्थ्य होकर घर लौटे हैं। छाबड़ा ने डॉक्टरों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल के संचालन में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। अस्पताल में संसाधनों की बढ़ोतरी के लिए मुख्यमंत्री से लेकर स्वास्थ्य मंत्री से संपर्क में हैं।