कानपुर देहात में बरौर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में युवक ने विवाद के बाद पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद बेटे और बेटी को भी मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद खुद भी फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी पर एसपी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम साक्ष्य संकलित कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, हाजीपुर निवासी इंद्रपाल निषाद (40 ) चार दिन पूर्व गुजरात से आया था। वहीं रहकर वह फैक्टरी में कार्य करता था। शनिवार की दोपहर घर में पत्नी निशा (38), पुत्र प्रवेश (13), पुत्री जाह्नवी (8 ) की पीटकर हत्या कर दी।
इसके बाद घर के अंदर कुंडे से दुपट्टा के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर थानाध्यक्ष सुरजीत सिंह और अन्य थानों का पुलिस बल पहुंच गया। फोरेंसिक टीम ने पहुंच कर साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक के पिता मथुरा प्रसाद दूसरे बेटे के परिवार के साथ रहते हैं।
सामने आई है दंपती के बीच विवाद की बात
मृतक इंद्रपाल का परिवार अलग रहता था। पुलिस अधीक्षक बीबी जीटीएस मूर्ति ने मौके पर पहुंच कर घटना के संबंध में जानकारी की। फिलहाल दंपती के बीच विवाद होने की जानकारी मिली है। हत्या व आत्महत्या के प्रमुख कारण का अभी पता नहीं चल सका है।