0 कांग्रेस की पार्षद सूची विवादों
छुरिया- कांग्रेस ने आज दोपहर नगर पंचायत छुरिया के पार्षद प्रत्याशी की सूची जारी कर दी । इसमें भाजपा से बागी होकर टिकट मांगने वाली महिला को भी अपना पार्षद प्रत्याशी बनाया है ।
ज्ञात हो कि नगर पंचायत में आचार संहिता लागू होते ही भाजपा एवं कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर बैठकों का दौर प्रारंभ हो गया था । इसी कड़ी में भाजपा ने स्थानीय रेस्ट हाउस में बैठक आहूत की थी । जहां अध्यक्ष एवं 15 वार्डों से पार्षदों का चुनाव लड़ने वाले दावेदारों ने अपनी-अपनी दावेदारी की थी । जिसमें वार्ड नम्बर 9 सरदार वल्लभ भाई पटेल से श्रीमती सुशीला चंद्रवंशी ने भी अपनी सहमति देते हुए टिकट की मांग की थी । इस वार्ड से भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया था । जहां उन्हें टिकट नहीं मिला । आज सोमवार को दोपहर जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर पंचायत छुरिया के 15 वार्डों में अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की । जिसमें वार्ड नं. 9 से श्रीमती सुशीला चंद्रवंशी पति शिव चंद्रवंशी को प्रत्याशी बनाया है । जिसको लेकर कांग्रेस में विरोध के स्वर उठने लगे हैं । वहीं कांग्रेस की जारी पार्षद सूची को लेकर कांग्रेसियों में आक्रोश देखा जा रहा है ।
0 नाराज कांग्रेसियों ने भरा नामांकन फार्म
नगर पंचायत में कांग्रेस के अध्यक्ष पद के नाम का ऐलान होते ही अन्य दावेदारों में गुस्सा फूट पड़ा । आज सोमवार को कांग्रेस के पूर्व कार्यकारिणी अध्यक्ष सुनील लारोकर एवं भोजवानी साहू ने नामांकन फार्म खरीदा है वहीं कांग्रेस पार्षद सलमान खान ने अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय फार्म भर दिया है ।
0 पार्षद पद के लिए 36 नामांकन फार्म बिके
नगर पंचायत के 15 वार्डों में चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल के अंतिम दिन के एक दिन पूर्व 36 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र खरीदा है । हालांकि अभी इनमें से किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया है ।
0 अध्यक्ष पद के लिए हमर राज पार्टी ने भरा नामांकन
नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा एवं कांग्रेस के अलावा हमर राज पार्टी के जिलाध्यक्ष मनभावन उइके ने अपने समर्थकों के साथ तहसील कार्यालय में पहुंचकर रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। अब इससे नगर पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव त्रिकोणीय हो गया है ।