0 जिला कांग्रेस कमेटी ने जारी की सूची
0 पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं में असंतोष
छुरिया- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले बागी प्रत्याशी चुम्मन साहू को पार्टी ने पर्यवेक्षक बना दिया है । इससे पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं में असंतोष व्याप्त है ।
ज्ञात हो कि जिला पंचायत क्षेत्र क्र. 12 गैन्दटोला से कांग्र्रेस पार्टी ने श्रीमती राजकुमारी मनोज सिन्हा को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था । वहीं टिकट नहीं मिलने से नाराज जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री चुम्मन साहू ने पार्टी से बगावत करते हुए अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा । हालांकि इस चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी सहित बागी होकर चुनाव लड़ने वाले चुम्मन साहू को भी पराजय का सामना करना पड़ा । कांग्रेस ने कार्यवाही करने के बजाय चुम्मन साहू को जिला कांग्रेस के अध्यक्ष भागवत साहू की अनुशंसा पर जनपद पंचायत राजनांदगांव के चुनाव प्रक्रिया संपादित करने पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है । जिससे पार्टी के निष्ठावान और कर्मठ कार्यकर्ताओं में पार्टी के जिलाध्यक्ष के क्रियाकलापों से असंतोष व्याप्त है ।

0 विधायक के जन्मदिन के पोस्टर पर बागी प्रत्याशी की फोटो
खुज्जी विधानसभा का राजनीतिक केन्द्र छुरिया में खुज्जी कांग्रेस विधायक भोलाराम साहू के जन्मदिन के अवसर पर बधाई प्रेरित करने होर्डिंग, पोस्टर लगाए गये थे जिसमें ब्लाक कांग्रेस के कार्यकारिणी अध्यक्ष ने बागी प्रत्याशी चुम्मन साहू का फोटो लगाया है । जिसको लेकर कांग्रेस में विरोध के स्वर उठने लगे हैं ।
0 कांग्रेस के 8 बागी पर कार्यवाही की अनुशंसा
नगर पंचायत छुरिया के चुनाव में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं कांग्रेस प्रत्याशी रितेश जैन के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस के बागी निर्दलीय प्रत्याशी एवं पार्टी गतिविधियों के खिलाफ कार्य करने वाले 8 कांग्रेसियों पर कार्यवाही करने अनुशंसा पत्र ब्लाक कार्यकारिणी अध्यक्ष के पास भेजा गया है । लगभग सप्ताह भर से कार्यवाही नहीं होने से कार्यकारिणी अध्यक्ष के खिलाफ कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है ।