0 निर्दलीय पार्षद मतदान में नहीं हुआ उपस्थित
छुरिया- नगर पंचायत छुरिया के प्रतिषठापूर्ण उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग के चलते भाजपा ने बाजी मार ली । यहां भाजपा के दो बार के पार्षद भूषण नेताम ने उपाध्यक्ष चुनाव जीत लिया । इस प्रकार छुरिया नगर पंचायत में अब अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा हो गया ।

नगर पंचायत उपाध्यक्ष का चुनाव आज गहमागहमी के बीच संपन्न हुआ । चुनाव में पीठासीन अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शिल्पा देवांगन के समक्ष भाजपा के पार्षद भूषण नेताम, एवं कांग्रेस के पार्षद सोनू खान ने अपना नामांकन फार्म दाखिल किया । नाम वापसी के बाद मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ की गई । जहां भाजपा के नगर पंचायत अध्यक्ष अजय पटेल एवं भाजपा के सात पार्षदों सहित उनकी संख्या आठ थी। वहीं कांग्रेस में पार्षदों की संख्या सात थी । भाजपा एवं कांग्रेस सहित कुल 15 लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया । वहीं एक निर्दलीय पार्षद अनिल लारोकर ने मतदान प्रक्रिया में भाग नहीं लिया । इस तरह पीठासीन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया के पश्चात परिणाम की घोषणा की जिसमें भाजपा के पार्षद भूषण नेताम को जहां 11 मत प्राप्त हुए वहीं कांग्रेस के सोनू खान को 3 मतों से संतुष्ट होना पड़ा । उनके अपने दल के कांग्रेस के तीन पार्षदों ने उनके खिलाफ क्रास वोटिंग की । वहीं एक कांग्रेस पार्षद का मत निरस्त घोषित किया गया । इस तरह उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के भूषण नेताम ने शानदार जीत दर्ज की । उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा के चुनाव प्रभारी दिनेश गांधी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, रमेश पटेल, जिला महामंत्री रविन्द्र वैष्णव, चंद्रिका प्रसाद डड़सेना, एम.डी. ठाकुर, हिरेन्द्र साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, गीता घांसी साहू, जिला पंचायत सदस्य बीरम बाई, जनपद पंचायत अध्यक्ष संजय सिन्हा, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय पटेल, कैलाश शर्मा, भाजपा मण्डल अध्यक्ष कान्ता साहू, गैन्दाटोला मण्डल अध्यख खिलेश्वर साहू, शेखर भरद्वाज, हिरदे देवांगन, सुरेन्द्र सिंह भाटिया, राधेश्याम शर्मा, सोनू कसेर, प्रिंस भाटिया, मोनू गुप्ता, श्रीमती सीमा सिन्हा, श्रीमती संगीता यादव, सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे ।
0 चुनाव के पहले कांग्रेस पार्षद और निर्दलीय ने ली शपथ
नगर पंचायत उपाध्यक्ष चुनाव के पहले कांग्रेस के सात, भाजपा के एक, एवं एक निर्दलीय सहित 9 पार्षदों को एसडीएम श्रीकांत कोर्राम ने गोपनीयता की शपथ दिलाई । ताकि वे उपाध्यक्ष के चुनाव में शामिल हो सके।
0 कांग्रेस में क्रॉस वोंिटंग को लेकर मायूसी
नगर पंचायत के अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को करारी हार का सामना करना पड़ा था । वहीं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस ने पार्षद सोनू खान को अपना प्रत्याशी बनाया था । नगर पंचायत में कांग्रेस पार्षदों की संख्या सात थी । इस चुनाव में कांग्रेस के तीन पार्षदों ने अपने प्रत्याशी के खिलाफ क्रास वोटिंग किया । वहीं एक कांग्रेस पार्षद का मत निरस्त घोषित किया गया । परिणाम आते ही कांग्रेसियों में मायूसी देखी गई ।