0 अधिक दावेदार होने से असमंजस में
0 आठ नामों पर मुहर
छुरिया | एक ओर जहां भाजपा ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर ब्लाक छुरिया के जिला पंचायत, जनपद पंचायतों में अपने अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर पार्टी के कार्यकर्ताओं को संदेश देकर उन्हें जिताने का आह्वान कर दिया है ।
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने जिला पंचायत से चुनाव लड़ने वाले चार प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर जनपद चुनाव लड़ने वाले नामों पर मौन धारण कर कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं को संकट में डाल दिया है । बताया जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी में जनपद क्षेत्रों से नामों को लेकर रोज घमासान मचा हुआ है । अधिक दावेदार होने से संगठन असमंजस में है । खासकर ब्लाक कांग्रेस कमेटी छुरिया के 17 जनपद क्षेत्रों में अत्यधिक कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता चुनाव लड़ने से इनके नामों की घोषणा करने में कांग्रेस कार्यकारिणी अध्यक्ष के पसीने छूटने लगे हैं कि कही कांग्रेस में विरोध के बिगुल फूट न पड़े । फिलहाल कर्मठ, समर्पित, निष्ठावान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को इस बात का दुख है कि वे बरसों से कांग्रेस पार्टी में निःस्वार्थ सेवा कर लगातार तीन बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का विधायक जिताने में अहम भूमिका रही है । मगर जब उनकी बारी आयी तो विधायक सहित ब्लाक संगठन ने चुप्पी साध ली ।
0 ब्लाक कांग्रेस कुमर्दा ने आठ नामों की जारी की सूची
खुज्जी विधानसभा में कांग्रेस पार्टी में ब्लाक कांग्रेस कमेटी छुरिया एवं ब्लाक कांग्रेस कमेटी कुमर्दा का गठन किया गया है । जिसमें कुमर्दा क्षेत्र में आठ जनपद क्षेत्र शामिल है । यहां त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की घोषणा होते ही जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भागवत साहू एवं ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अब्दुल खान, ब्लाक कार्यकारिणी अध्यक्ष गिरधारी साहू, चुनाव प्रभारी पर्यवेक्षक पूरन नेताम की अनुशंसा पर आठ जनपद क्षेत्रों जिनमें क्षेत्र क्र. 18 सोमाझिटिया से दुर्गा महानदिया, क्षेत्र क्र. 19 अछोली धन्नी साहू, क्षेत्र क्र. 20 सागर पिंकी देव पन्द्रों, क्षेत्र क्र. 21 भण्डारीभरदा कुसमा पडोटी, क्षेत्र क्र. 22 पांगरीखुर्द अंजली धावड़े, क्षेत्र क्र.23 तुर्रेगढ़ समंत रावटे, क्षेत्र क्र. 24 परेवाडीह जैमुन बाई, क्षेत्र क्र. 25 अरजकुण्ड सविता साहू के नामों की ब्लाक कांग्रेस कमेटी कुमर्दा ने सूची जारी की है ।