0 11 बजे से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया
छुरिया- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद छुरिया जनपद पंचायत में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव 5 मार्च दिन बुधवार को स्थानीय जनपद पंचायत में सुबह 11 बजे से नामांकन प्रक्रिया होना है । जिसको लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है ।
स्थानीय जनपद पंचायत में जनपद अध्यक्ष पद एवं उपाध्यक्ष पद का चुनाव होना है जिसमें जनपद पंचायत क्षेत्र के 25 जनपद सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे । चुनाव को लेकर डिप्टी कलेक्टर अभिषेक तिवारी को पीठासीन अधिकारी एवं सहायक पीठासीन अधिकारी जनपद सीईओ होरीलाल साहू को नियुक्त किया गया है । प्रातः 11 बजे से नामांकन पत्र लिया जायेगा। उसके पश्चात स्कूटनी, नाम वापसी के बाद सबसे पहले जनपद अध्यक्ष का चुनाव होगा, उसके बाद उपाध्यक्ष का चुनाव होना है । तत्पश्चात पीठासीन अधिकारियों द्वारा परिणाम घोषित किया जायेगा ।

0भाजपा का जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष बनना तय
जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने से उनका पलड़ा भारी दिख रहा है । इन दोनों सीटों पर उनका कब्जा बरकरार रहने की प्रबल संभावना है । वहीं इस पद से भाजपा मण्डल के महामंत्री संजय सिन्हा को प्रबल दावेदार माना जा रहा है । वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए भेषबाई साहू एवं एकान्त चन्द्राकर सहित अन्य नामों पर मंथन जारी है । आज 11 बजे नामांकन पत्र दाखिले के बाद स्थिति स्पष्ट हो जायेगी ।
0 कांग्रेस से नामों को लेकर मंथन
जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने आज अज्ञात स्थल पर चुनाव प्रभारी बिरेन्द्र बोरकर एवं ब्लाक कार्यकारिणी अध्यक्ष राजकुमार सिन्हा ने कांग्रेस समर्थित नवनिर्वाचित 6 से 7 जनपद सदस्यों के साथ बैठक कर चुनाव लड़ने वाले नामों को लेकर मंथन किया है । संभावित अध्यक्ष पद के जनपद सदस्य अंजली धावड़े, सीमा यादव, एवं उपाध्यक्ष पद के लिए प्रकाश मोटघरे के नामों को लेकर रणनीति बनायी गई है ।