0!संजय सिन्हा बने अध्यक्ष, प्रशांत ठाकुर उपाध्यक्ष
छुरिया- राजनांदगांव जिले के सबसे बड़े विकासखण्ड छुरिया में जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद में भाजपा का खिला कमल । अध्यक्ष पद पर भाजपा के महामंत्री संजय सिन्हा एवं उपाध्यक्ष पद पर प्रशांत ठाकुर ने धमाकेदार विजयश्री हासिल कर जनपद पंचायत के चुनाव में भाजपा ने अपना वर्चस्व कायम रखा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का चुनाव 5 मार्च को संपन्न हुआ । जहां जनपद पंचायत क्षेत्र के 25 जनपद सदस्यों ने पीठासीन अधिकारी डिप्टी कलेक्टर अभिषेक तिवारी एवं सहायक पीठासीन अधिकारी जनपद सीईओ होरीलाल साहू के समक्ष नामांकन पत्र प्राप्त कर भाजपा से मण्डल महामंत्री एवं जनपद सदस्य संजय सिन्हा ने अध्यक्ष पद पर और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा से एम.डी.ठाकुर के सुपुत्र जनपद सदस्य प्रशांत ठाकुर ने नामांकन दाखिल किया । वहीं इस चुनाव में भाजपा समर्थित जनपद उपाध्यक्ष एकांत चन्द्राकर ने भाजपा से पल्ला झाड़कर छह जनपद सदस्यों से हाथ मिलाकर उनके समर्थन में जनपद अध्यक्ष का चुनाव लड़ा । वहीं इसी दल से सीमा यादव ने जनपद उपाध्यक्ष के लिए नामांकन फार्म दाखिल किया । पीठासीन अधिकारियों के समक्ष जनपद अध्यक्ष पद पर संजय सिन्हा को 11 मत मिले,वहीं भाजपा के बागी एकांत चन्द्राकर को 8 मत प्राप्त हुए इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रशांत ठाकुर को 14 मत मिले और सीमा यादव को 11 मत प्राप्त हुए । इस तरह जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का कमल खिला । दोनों सीटों पर जीत होने पर भाजपाईयों में खुशी की लहर उमड़ पड़ी । फटाखे, आतिशबाजी के साथ नगर में अभिनंदन जुलुस भी निकाला गया ।

0 भाजपा की रणनीति काम आयी
जनपद पंचायत चुनाव में भाजपा अधिकृत 19 प्रत्याशी चुनाव जीतकर आए थे । वहीं कांग्रेस पार्टी ने इस चुनाव में अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की थी । चुनाव के दिन भाजपा के जनपद उपाध्यक्ष एकांत चन्द्राकर ने संगठन की तरफ से अधिकृत अध्यक्ष पद पर उनके नाम की घोषणा नहीं किए जाने से खफा होकर उन्होंने अपना पाला बदल दिया और छह जनपद सदस्यों के साथ सांठगांठ कर उनके साथ जनपद अध्यक्ष का चुनाव लड़ा । इस चुनाव में कुमर्दा मण्डल के चार अन्य जनपद सदस्यों का उन्हें भरपूर साथ मिला । इस तरह उनकी संख्या बल 11 हो गई। इसलिए वे जीत के प्रति आश्वस्त थे ।
उनकी हर गतिविधियों पर भाजपा जिलाध्यक्ष कोमलसिंह राजपूत एवं चुनाव पर्यवेक्षक रामजी भारती, चंद्रिका डड़सेना, एम.डी.ठाकुर, चुनाव संयोजक जगजीत सिंह भाटिया, एवं भाजपा मण्डल अध्यक्ष कान्ता साहू, अजय पटेल, सुरेन्द्र सिंह भाटिया ने इस स्थिति को भांप लिया था । इस पूरे चुनाव में रणनीति काम आयी और दोनों प्रतिष्ठापूर्ण सीट पर चुनाव जीतने में भाजपा कामयाब रही ।

0 जनपद सदस्यों ने बनाया अपना दल, कांग्रेस हाथ मलते रह गयी
जनपद पंचायत छुरिया के जनपद सदस्यों के चुनाव में कांग्रेस समर्थकों को अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं करना कांग्रेस को महंगा पड़ गया । इस चुनाव में अपने दम पर कांग्रेस समर्थित छह जनपद सदस्य चुनाव जीते थे । उन्हें कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक पूर्व पार्षद बिरेन्द्र बोरकर एवं ब्लाक कांग्रेस कार्यकारिणी अध्यक्ष राजकुमार सिन्हा को जिम्मा सौंपा गया था । इन सभी जनपद सदस्यों से इनकी भेंट मुलाकात हुई थी । चुनाव के अंतिम दिन इन जनपद सदस्यों ने कांग्रेस पार्टी से दूरी बनाकर अपने दम पर चुनाव लड़ने जनपद पहुंच गए, और कांग्रेस हाथ मलते रह गयी ।