0 बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने विधायक और ब्लाक के नेताओं को सुनाई खरी खोटी
छुरिया- नगर पंचायत छुरिया के उपाध्यक्ष चुनाव में निर्दलीय पार्षद की महत्वपूर्ण भूमिका होगी । उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने एड़ी चोटी का जोर लगाया हुआ है । दूसरी ओर उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर कांग्रेसी पार्षदों की बैठक हुई जिसमें विधायक एवं ब्लाक संगठन की लचर व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने जमकर अपनी भड़ास निकालते हुए खुज्जी कांग्रेस विधायक तथा ब्लाक के संगठन पदाधिकारियों को जमकर खरी खोटी सुनाई ।
नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी की करारी हार हुई थी । जिससे कांग्रेस की जमकर फजीहत हुई थी । लेकिन इससे सबक न लेते हुए नगर पंचायत उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर सुस्त रवैये से नाराज कांग्रेस के सात पार्षदों ने खुज्जी कांग्रेस विधायक भोलाराम साहू एवं चुनाव प्रभारी ब्लाक कांग्रेस कमेटी के द्वारा बुलाई गई बैठक में इनकी लचर व्यवस्था को लेकर अपनी भड़ास निकाली । कांग्रेस के सातों पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि पार्षद चुनाव में न तो कांग्रेस विधायक और न ही ब्लाक संगठन की तरफ से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला । छोटे कार्यकर्ताओं की बदौलत वे ले देकर चुनाव में जीत दर्ज की । बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि उपाध्यक्ष चुनाव मंे निर्दलीय प्रत्याशी को अपने पाले में लिए हैं जिससे इस चुनाव में कांग्रेस को मजबूती मिले । उल्टा उसे कांग्रेस पार्टी द्वारा उसकी सदस्यता नहीं होने के बाद निष्कासन की कार्यवाही कर दी गई । जिससे उपाध्यक्ष के चुनाव में पार्टी को नुकसान होने की संभावना को लेकर विधायक भोलाराम साहू एवं चुनाव पर्यवेक्षक बिरेन्द्र बोरकर, जिला कांग्रेस महामंत्री चुम्मन साहू, ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रितेश जैन, ब्लाक कार्यकारिणी अध्यक्ष राजकुमार सिन्हा, जिला कांग्रेस प्रवक्ता राहुल तिवारी एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश पटेल को जमकर खरी खोटी सुनाई है ।
निर्दलीय पार्षद से मिले विधायक
निर्दलीय पार्षद के निष्कासन के बाद सात कांग्रेसी पार्षदों की नाराजगी झेल रहे कांग्रेस विधायक भोलाराम साहू एवं चुनाव पर्यवेक्षक बिरेन्द्र बोरकर ने निर्दलीय पार्षद अनिल लारोकर को बुलावा कर बैठक के बाद लंबी चर्चा की है ।
11 मार्च को होना है नगर पंचायत उपाध्यक्ष का चुनाव
नगर पंचायत छुरिया में उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है । चुनाव को लेकर डिप्टी कलेक्टर शिल्पा देवांगन को पीठासीन अधिकारी बनाया गया है । 11 मार्च को उपाध्यक्ष पद का चुनाव होना है । 11 बजे से नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ होगी, दोहपर 2 बजे चुनाव के नतीजे घोषित किए जायेंगे ।