छुरिया- वनोपज जांच नाका में कार्यरत कर्मचारी ने वाहन चालक से मारपीट कर उससे रूपये लूटे जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित वाहन चालक ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी कर्मचारी के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है। पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ धारा 294,323, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है ।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार छुरिया फारेस्ट नाका पर राजनांदगांव से लौट रहे पिकअॅप वाहन चालक थलेश कुमार साहू पिता किसन लाल साहू निवासी भकुर्रा जो कि खाने-पीने का जनरल सामान खरीदकर देर रात्रि अपने गांव लौट रहा था । तभी फारेस्ट नाका पर कार्यरत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी हारूण मानिकपुरी एवं उसके साथी ने वाहन को रोककर वाहन चालक से जबरदस्ती नाका का नुकसान किए हो करके गाली गलौच करते हुए अपने पास रखे लोहे की पाईप से मारपीट करने लगा । और उनके साथी से भी मारपीट करते हुए उनके जेब में रखे दो हजार रूपये को लूट कर अपने पास रख लिया और उन्हें डरा धमका कर वहां से चले जाने कहा गया । पीड़ित वाहन चालक डर और भय से अपने गांव लौट गया और इस घटना की सूचना अपने परिजनों को दी। परिजनों ने छुरिया थाने पहुंचकर इस घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए उक्त कर्मचारी के खिलाफ छुरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है । जहां पुलिस ने आरोपी कर्मचारी हारूण मानिकपुरी एवं उनके साथी के खिलाफ धारा 294,323, 34 के तहत अपराध दर्ज किया है।
0 आरोपी को बचा रहे फारेस्ट विभाग के अफसर
स्थानीय फाॅरेस्ट नाका में कार्यरत कर्मचारी फाॅरेस्ट विभाग की आड़ में वाहन चालकों से अवैध वसूली में संलिप्त रहता है, जिससे वाहन चालक भी परेशान है । कडुवाघूंट को पता चला है कि कई बार फाॅरेस्ट विभाग के अफसरों से स्थानीय लोगों ने भी शिकायत की है लेकिन फाॅरेस्ट विभाग के अफसर जानकर अनजान बने रहते हैं । वाहन चालक से मारपीट की घटना के बाद भी उक्त कर्मचारी पर कार्यवाही करने के बजाय वन विभाग के अफसर उसे बचाने में लगे हुए हैं ।