0 धनगांव साजिश में शामिल भाजपा नेताओं की सूची जारी
0 मामला जनपद अध्यक्ष चुनाव में क्रॉस वोटिंग का
छुरिया- जनपद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ क्रॉस वोटिंग को लेकर भाजपा मण्डल ने छह भाजपा नेताओं की सूची जारी कर भाजपा जिलाध्यक्ष को कार्यवाही करने की अनुशंसा की है। जिसकी खबर लगते ही भाजपा मण्डल कुमर्दा एवं उन क्षेत्रों के भाजपा वरिष्ठ नेताओं और मण्डल के पदाधिकारियों में बेचैनी बढ़ गई है।
मिली जानकारी अनुसार छुरिया जनपद चुनाव में भाजपा के नवनिर्वाचित जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा एवं जनपद उपाध्यक्ष प्रशांत ठाकुर के खिलाफ भाजपा अधिकृत जनपद सदस्यों ने क्रास वोटिंग की थी इससे पार्टी के भीतर क्रॉस वोटिंग में शामिल कुमर्दा मण्डल के वरिष्ठ भाजपा नेताओं और भाजपा मण्डल के पदाधिकारियों की संलिप्ता पायी गई थी जिनकी पहचान कर उन पर कार्यवाही करने की मांग तेज होने लगी है । बताया जा रहा है कि सारा खेल जनपद सदस्यों के चुनाव के बाद कुमर्दा मण्डल क्षेत्र के ग्राम धनगांव में एक वरिष्ठ भाजपा नेता के निवास पर नवनिर्वाचित भाजपा जनपद अध्यक्ष के खिलाफ गहरी साजिश कर उन्हें हराने का प्लान कर लिया गया था । जिसके तहत उस क्षेत्र के पूर्व जनपद उपाध्यक्ष एकांत चन्द्राकर ने पार्टी से अध्यक्ष पद पर उनके नाम की घोषणा नहीं होने से बगावत कर जनपद अध्यक्ष पद में भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ बागी होकर चुनाव मैदान मे थे । हालांकि इस चुनाव में उनकी हार हुई, उसके बाद भाजपा संगठन ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के चलते उन्हें छह वर्ष के लिए निष्कासन की कार्यवाही कर पार्टी के नेताओं को कड़ा संदेश दिया है ।
इधर कुमर्दा मण्डल के धनगांव में भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ साजिश में शामिल कुमर्दा क्षेत्र के भाजपा वरिष्ठ नेताओं के अलावा भाजपा मण्डल छुरिया, गैन्दाटोला क्षेत्र के भाजपा के छह बागियों की पहचान कर भाजपा मण्डल छुरिया ने सूची जारी कर जिला भाजपाध्यक्ष को कार्यवाही करने की अनुशंसा की है । इसकी खबर लगते
ही बागियों में हलचल बढ़ गई है और अपने बचाव एवं सफाई में वे भाजपा जिलाध्यक्ष सहित राजनांदगांव जिले के संगठन नेताओं के समक्ष हाजिरी लगाते देखे जा रहे हैं ।