ठेकेदार की मनमानी
मामला नगर पंचायत छुरिया का
छुरिया- नगर पंचायत छुरिया के सीमा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नं. एक में रात के अंधेरे में सी.सी.सड़क का धड़ल्ले से निर्माण किया जा रहा था । मजे की बात यह है कि निर्माण कार्य की देखरेख करने वाले नगर पंचायत के संबंधित अधिकारी की शाह पर ठेकेदार अपनी मनमानी पर उतर आया था । इसकी भी शिकायत भी हुई लेकिन लापरवाह अधिकारियों ने ठेकेदार से सांठगांठ कर निर्माण कार्य में जमकर बंदरबाट किया, और शिकायत को अनसुनी कर दी।

मिली जानकारी अनुसार नगर पंचायत के वार्ड क्र. 1 संत रविदास वार्ड में अधोसंरचना मद से 29 लाख रूपये की लागत से नहर नाली से खेत तक सी.सी.सड़क निर्माण कार्य की 22 जून वर्ष 2022 को प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी । जिसका टेण्डर श्याम इंडस्ट््रीज डोंगरगढ़ को दिया गया था । जिसका निर्माण कार्य वर्ष 2023 में वर्क आर्डर नगर पंचायत ने ठेकेदार को अगस्त माह में दिया था । लेकिन ठेकेदार की लापरवाही से लगभग एक साल से निर्माण कार्य स्वीकृत होने के बाद सी.सी.सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया जिसको लेकर उसे दो बार नोटिस भी जारी किया गया था । हद तो तब हो गई जब ठेकेदार ने नोटिस मिलने के बाद सी.सी.सड़क का निर्माण कार्य दिन में न करते हुए नियम विरूद्ध रात के अंधेरे में सी.सी.सड़क का निर्माण कार्य जारी रखा जिसकी शिकायत भी हुई लेकिन नगर पंचायत के गैरजिम्मेदार अधिकारियों ने ठेकेदार से मिलीभगत कर स्तरहीन सीमेण्ट, गिट्टी, रेत, की सामग्रियों का उपयोग कर प्राक्कलन अनुरूप कार्य न कर जमकर गड़बड़ी की और देर रात तक रात के अंधेरे में सी.सी.सड़क का निर्माण कार्य धड़ल्ले से जारी रखा । जिसको लेकर वार्डवासियों ने नाराजगी व्याप्त है। इसकी शिकायत कर जांच कार्यवाही की मांग की है ।

मौके पर जवाबदेही अधिकारी नदारद
नगर पंचायत के वार्ड क्र. 1 में देर रात्रि तक रात के अंधेरे में ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग करते हुए सी.सी.सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा था । इस कार्य की सतत् मॉनिटरिंग करने वाले जवाबदेही इंजीनियर, नगर के कर्मचारी मौके से नदारद थे ।
शिकायत मिली है, जांच कर कार्यवाही करेंगे ।
अजय सिंह, सीएमओ, न.पं.छुरिया