0 तेंदुए के आने-जाने वाले संभावित स्थानों में खंगाले पग चिन्ह
0 क्षेत्रवासियों को सतर्क रहने की सलाह
छुरिया- सप्ताह भर से मां दन्तेश्वरी मंदिर के पहाड़ी में घूम रहे दुर्लभ प्रजाति के काला तेंदुए की तलाश वन विभाग ने तेज कर दी है । गुरूवार की सुबह डीएफओ छुरिया पहुंचे उन्होंने तेंदुए के आने-जाने के संभावित स्थानों का जायजा लिया, पग चिन्ह भी खंगाले गए । वहीं क्षेत्रवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है ।
उल्लेखनीय है कि मां दन्तेश्वरी के पहाड़ी में सप्ताह भर से दुर्लभ प्रजाति का काला तेंदुआ ने अपना डेरा बनाया हुआ है । कभी वह पहाड़ पर बैठा दिखाई देता है तो कभी विचरण करते हुए पहाड़ पर चहलकदमी करते ग्रामीणों को दिखाई दे रहा है । काला तेंदुए के दिखाई दिए जाने को लेकर वार्डवासियों एवं क्षेत्रवासियों में दहशत बना हुआ है । उसने छुरिया पहाड़ से लगे चंदैनीडीह के घने जंगलों में जंगली सूअर का भी शिकार किया था । उसके बाद से छुरिया वन परिक्षेत्र के अधिकारी सजग हुए और वन विभाग की टीम का अमला काले तेंदुए की निगरानी कर उससे दूर रहने की अपील कर रहा है ।
वहीं आज गुरूवार को सुबह छह बजे राजनांदगांव वन मंडल अधिकारी आयुष जैन एवं उनके साथ प्रशिक्षु डीएफओ एवं एसडीओ अभिषेक अग्रवाल छुरिया पहुंचे और जिस दिशा में दुर्लभ काला तेंदुए की चहलकदमी बनी हुई है उस क्षेत्र का निरीक्षण किया । एकाएक अचानक डीएफओ जैन को अपने सामने देख वनविभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों के पसीने छूटने लगे । खबर मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी कृष्ण कुमार सोनी, बीटगार्ड चंदू हरदेल, रवि परसाई, रोशन लाल साहू, सहितकाले तेंदुए की सुरक्षा में लगे वनकर्मियों के साथ उसके आने जानेवाले संभावित स्थानों का जायजा लेते हुए उन रास्तों में पगचिन्ह खंगाले गए और उन्होंने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने की सलाह भी दी है।

0 कैमरे से काला तेंदुआ की निगरानी
वन परिक्षेत्र छुरिया अंतर्गत मां दन्तेश्वरी मंदिर पहाड़ी पर दुर्लभ प्रजाति का काला तेंदुए की तलाश तेज कर दी गई है । उस पर निगरानी रखने के लिए वन टीम गठित की गई है । जिसमें 35 वनकर्मी शामिल है । वहीं उसके आने-जाने वाले मार्गों पर कैमरा लगाकर उस पर निगरानी रखी जा रही है । इसके अलावा वनकर्मियों को सुरक्षा उपकरण से भी लेंस किया गया है ।