छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आम लोगों से मिलने के लिए भेंट-मुलाकात कार्यक्रम चलाया है, इस कार्यक्रम के जरिए वह आम लोगों के पास पहुंचते हैं और उनका हालचाल जानते हैं। लेकिन रविवार को सीएम बघेल के साथ ऐसा वाक्या हुआ कि उन्होंने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी।
दरअसल, भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांकेर के बादल में आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे थे वहां महिलाओं का जमघट था। इस दौरान एक महिला से उन्होंने एक बच्ची को गोद में उठा लिया और उसे दुलारने लगे। इसी दौरान बच्ची ने मुंख्यमंत्री के कुर्ते का कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने बच्ची को अपने पंजों पर खड़ा कर लिया।
मुख्यमंत्री ने खुद ट्वीट किया वीडियो
मुख्यमंत्री भी बच्ची के साथ बड़ी सादगी से बात करते और दुलारते नजर आ रहे हैं। सीएम का यह अंदाज देखकर वहां लोग भी खूब खुश हुए। साथ ही यहां पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आंगनवाड़ी में काम करने वाली महिलाओं के साथ सेल्फी ली। इसके बाद में इसका वीडियो ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा कि सीधा-सीधा मुख्यमंत्री का कॉलर पकड़ लिया…बच्ची को ढेर सारा प्यार।
छह जून तक कांकेर में रहेंगे सीएम बघेल
इसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आंगनवाड़ी की रसोई में भी पहुंचे। यहां पर उन्होंने वहां बने खाने का निरीक्षण किया। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री कल यानी छह जून तक कांकेर में ही रहेंगे। इससे पहले वह भानुप्रतापपुर के दौरे पर गए थे। यहां पर बघेल ने कहा था कि बस्तर में अब काफी ज्यादा बदलाव नजर आने लगा है। मुख्यमंत्री पिछले काफी समय से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम चला रहे हैं और इस सिलसिले में अलग-अलग जगहों का दौरा कर रहे हैं।