रहरा थानाक्षेत्र के एक गांव के जंगल में किशोरी का शव बकायन के पेड़ के सहारे फंदे पर लटकता मिला। उसके पैर जमीन से सटे हुए थे। इससे पहले किशोरी दूसर गांव के युवक के साथ बात-चीत करते देखी गई थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
यह घटना रहरा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां पर किसान का परिवार रहता है। मंगलवार की सुबह घर से करीब 300 मीटर दूर किसान की नाबालिग बेटी का शव चचेरे दादा के खेत में खड़े बकायन के पेड़ के सहारे दुपट्टे के फंदे पर लटकता मिला। ग्रामीणों ने देख कर घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। फंदे से लटकी किशोरी के पैर जमीन से सटे हुए थे। हत्या की आशंका जताई जा रही है।
युवक से बात करने पर परिजनों ने डांटा था
कुछ ग्रामीण बताते हैं कि सोमवार रात को गांव में एक शादी थी। इस दौरान किशोरी दूसरे गांव के युवक के साथ अकेले में बात करते हुए देखी गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसे फटकार भी लगाई थी। उसके साथ मारपीट भी की गई थी। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। थाना प्रभारी अमर सिंह का कहना है कि किशोरी का शव लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।