निजी नर्सिंग होम के संचालक डाक्टर मोहन पारख के बैंक अकाउंट से आनलाइन ठगी कर फरार आरोपित को भी बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपित को जेल भेज चुकी है। अपने आरोपित साथियों के जमानत के लिए ही फरार आरोपित शहर आया था
राजनांदगांव। शहर के निजी नर्सिंग होम के संचालक डाक्टर मोहन पारख के बैंक अकाउंट से आनलाइन ठगी कर फरार आरोपित को भी बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपित को जेल भेज चुकी है। अपने आरोपित साथियों के जमानत के लिए ही फरार आरोपित शहर आया था, जिसकी सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से तीन लाख रुपये व एक ब्रांडेड कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
बसंतपुर थाना प्रभारी सनत सोनवानी ने बताया कि आरोपित चांदपाली सिवान बिहार निवासी कृष्ण कुमार मिश्रा जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश गौतम बुद्ध नगर हेरीटज फ्लोर विला चौकी इकोटेक पार्क-3 नोएडा में रह रहा था। बताया कि घटना बीते दो मार्च की है। जब आरोपितों ने आरटीजीएस करके दो बार में 14 लाख रुपये की आनलाइन धोखाधड़ी की थी। जांच के दौरान अकाउंट का डिटेज बैंक से मिलने के बाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल के हरिओम शर्मा, उत्तरप्रदेश के शुभम मिश्रा, पश्चिम बंगाल के निशांत पासी, निगम साव उर्फ रोहित साव,
नतुनपारा खुड़ीगाछी दो नंबर भट्ठा भद्रेश्वर जिला हुगली पश्चिम बंगाल के संजय राजभर पिता कार्तिक राजभर को गिरफ्तार किया था। मामले का एक अन्य आरोपित कृष्ण कुमार मिश्रा की पतासाजी की जा रही थी। आरोपित कृष्ण कुमार मिश्रा जेल में निरूद्ध अपने साथियों के जमानत के सिलसिले में राजनांदगांव आया था। मुखबिर सूचना पर आरोपित कृष्ण कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ किया, जिसमें आरोपित ने अपने साथियो के साथ वाट्सअप काल व चेटिंग के जरिए उनके साथ मिलकर आनलाइन ठगी कर फाड ट्रांजेक्शन करना व खाता खोलकर पैसे का आहरण करना बताया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया है।