बिलासपुर। तीन दिन से गायब छात्रा की खूंटाघाट बांध में लाश मिली है। पुलिस के साथ पहुंचे स्वजन ने लाश की पहचान की है। पीएम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि छात्रा पढ़ाई को लेकर परेशान थी। पुलिस ने स्वजन का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रतनपुर पुलिस को रविवार की सुबह सूचना खूंटाघाट बांध में एक युवती की लाश मिली है। इस पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इसकी सूचना आसपास के थानों में दी। किसी ने युवती की पहचान अकलतरा निवासी प्रीति भारद्वाज(23) के रूप में की। पूछताछ में पता चला कि प्रीति कोतवाली क्षेत्र के करबला में रहकर कोचिंग करती थी। वह छह अप्रैल से गायब थी। स्वजन ने इसकी शिकायत कोतवाली थाने में की थी। इस पर कोतवाली पुलिस भी छात्रा की तलाश कर रही थी।
छह अप्रैल की शाम उसने स्वजन को मोबाइल पर मैसेज किया था। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा था। छात्रा का लास्ट लोकेशन रतनपुर बता रहा था। इस पर पुलिस और स्वजन रतनपुर के आसपास भी उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार की सुबह उसका शव मिलने की सूचना पर स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। स्वजन की मौजूदगी में पंचनामा के बाद शव का पीएम कराया गया है। प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि छात्रा नेट की तैयारी कर रही थी। पढ़ाई को लेकर वह कुछ दिनों से परेशान चल रही थी। बयान के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है।