जिलापुनर्वास समिति की बैठक संयुक्त जिला कार्यालय के डंकिनी सभाकक्ष में गुरुवार को कलेक्टर श्री दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में नक्सली पीडि़त व्यक्तियों/परिवारों तथा आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के उद्देश्य से पर्याप्त सुरक्षा एवं पुनर्वास से संबंधित कार्ययोजना को कार्यान्वित करने समीक्षा की गई। नक्सली हिंसा में मृत व्यक्ति के आश्रित परिवार, आत्मसमर्पित नक्सली एवं शहीद के आश्रित परिवार को पुलिस लाईन कारली, दन्तेवाड़ा में निर्मित आवास आवंटन के संबंध में चर्चा की। साथ ही नक्सली घटना में मृत व्यक्ति के परिवार के सदस्य को शासकीय सेवा में नियुक्ति के संबंध में चर्चा की गई। श्री सोनी ने कहा कि नक्सल पीडि़त परिवारों को पात्रतानुसार 33 योजनाओं का लाभ दे। बैठक में अपर कलेक्टर श्री संजय कन्नौजे, संयुक्त कलेक्टर श्री सुरेन्द्र ठाकुर एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।