छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बार फिर बाइकर्स गैंग का आतंक बढ़ने लगा है. बाइकर्स गैंग टाउनशिप क्षेत्र में 100 किलोमीटर की रफ्तार से बाइक चला रहे हैं. बीती रात बाइकर्स गैंग के एक सदस्य की सड़क दुर्घटना में मौत और दो महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश में जुट गई है. बीती देर रात बाइकर्स गैंग ने लंगर में खिचड़ी खा रही दो महिलाओं सहित तीन लोगों को चपेट में ले लिया.
बाइकर्स गैंग के एक सदस्य की मौत, दो महिलाएं घायल
सड़क हादसा इतना भयावह था कि बाइक की टक्कर से दो महिलाएं हवा में उछलकर दूर जा गिरीं. दुर्घटना में एक महिला का हाथ और एक का पैर टूट गया और एक बाइकर की मौके पर ही मौत हो गई. इससे पहले की लोग कुछ समझ पाते बाइकर्स गैंग मौके से गायब हो गया. सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. घायलों को सुपेला हॉस्पिटल ले जाया गया. एक युवक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से दौड़ाते हैं बाइक
सेक्टर 5 में 7 मिलियन चौक से ठीक पहले सेक्टर 6 बीएसपी स्कूल के पास सड़क दुर्घटना हुई है. देर रात हादसे के वक्त सेक्टर 6 में सेंट्रल एवेन्यू से लगे मंदिर में खिचड़ी का भोग बंट रहा था. मौके पर खिचड़ी लेने वाले भक्तों की भीड़ लगी थी. इस दौरान सेक्टर 9 से पावर हाउस की तरफ बाइकर्स का एक पूरा गैंग निकला. सभी की स्पीड 100 किलोमीटर प्रति घंटा के ऊपर थी. गैंग का एक युवक रफ्तार से संतुलन खो बैठा. स्पीड में होने की वजह से दो महिलाओं और एक पुरुष को टक्कर मार दिया.
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों महिलाएं हवा में उछलकर दूर जा गिरीं और उनके हाथ पैर टूट गए और एक युवक बेसुध होकर गिर गया. बाइक चालक बाइक के साथ काफी दूर सड़क में घिसटता हुआ चला गया. उसको गहरी चोटें आईं और इतना खून बह गया कि उसने मौके पर दम तोड़ दिया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बाइकर्स गैंग दुर्ग शहर की तरफ से आता है.
करीब 10 से 12 बाइक और स्कूटर पर सवार लड़के हर रोज रात में काफी तेज रफ्तार से सेक्टर की सड़क पर बाइक दौड़ाते हैं. बाइकर इस दौरान स्टंट भी करते हैं. पुलिस को जानकारी होने के बाद भी सदस्यों को नहीं पकड़ती और न ही कोई कार्रवाई कर रही है. अब एक की जान चले जाने के बाद पुलिस कार्रवाई की बात कह रही है. थाना प्रभारी राजेश साहू का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी बाइकर्स को पकड़कर कार्रवाई करेगी.