नगरी विकासखण्ड के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह में कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए पिछले दिनों चयन परीक्षा आयोजित की गई थी। जिला मुख्यालय में आयोजित इस परीक्षा में 60 विद्यार्थी चयनित हुए, जिसमें 30 बालक और 30 बालिका शामिल हैं। चयनित विद्यार्थियों की सूची सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग धमतरी और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह के सूचना पटल पर चस्पा की गई है। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग द्वारा चयनित विद्यार्थियों को आगामी 30 अप्रैल तक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में अपनी उपस्थिति देना सुनिश्चित करने कहा गया है, ताकि प्रवेश की अग्रिम कार्रवाई की जा सके। साथ ही उन्हें कक्षा पांचवीं की अंकसूची, निवास, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र, गत स्कूल का स्थानांतरण प्रमाण पत्र, जिला स्वास्थ्य बोर्ड द्वारा जारी फिटनेस प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की मूल एवं छायाप्रति सहित दो पासपोर्ट साईज के फोटो और स्थानीय अभिभावक/पालक का फोटो और मोबाइल नंबर लाने कहा गया है।