शहर के प्रभात नगर में उत्कल समाज ने भगवान जगन्नाथ मंदिर का निर्माण कराया है। बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय भाजपा के उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह नवनिर्मित मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
पूर्व सीएम डॉ. सिंह ने उत्कल समाज के प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों से सकारात्मकता का संचार होता है। भगवान जगन्नाथ की छत्र-छाया में संस्कारधानी में सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार और विकास होगा। नवनिर्मित भगवान जगन्नाथ मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह तीन दिनों तक चला था।
इस दौरान यहां विभिन्न अनुष्ठान और धार्मिक कार्यक्रम हुए। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से समाज के लोगों ने मुलाकात की। समाज के पदाधिकारियों व अन्य लोगों ने उनसे समाज से जुड़ी व अन्य मांगों को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने मांगों को संज्ञान में लेकर उचित सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष खूबचंद पारख, जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष अग्रवाल,जिला पंचायत सदस्य राजेश श्यामकर मौजूद रहे।