युवती ने कहा कि अगर उसके या परिवार के साथ कोई घटना होती है तो उसके लिए पलाश चंदेल, उसके पिता नारायण चंदेल, चाचा शेखर चंदेल सहित पूरी भाजपा जिम्मेदार होगी। आरोप लगाया कि उसके परिजनों और रिश्तेदारों को धमकी दे रहे हैं। इसके चलते बच्चे स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं। दुष्कर्म मामले में फंसे नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बेटे पलाश चंदेल का मामला गरमाता जा रहा है। पलाश पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती ने उसकी और परिजनों की जान को खतरा बताया है। आरोप लगाया है कि भाजपा के लोग उसे डरा-धमका रहे हैं। उसके ऊपर केस वापस लेने का दबाव है। उसने परिवार के लिए भी सुरक्षा की मांग की है। युवती का कहना है कि उसने पुलिस को भी जानकारी दे दी है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बेटे पलाश पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती को धमकियां मिल रही हैं। इस मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने युवती को सुरक्षा देने के निर्देश दिए हैं। युवती ने भाजपा नेताओं को उसके परिजनों और रिश्तेदारों को प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया है। यह बयान सामने आने के बाद मुख्यमंत्री बघेल ने दुष्कर्म पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आरोपित की गिरफ्तारी भी जल्द से जल्द करने को कहा गया है।
बता दें नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बेटे पलाश चंदेल पर आदिवासी युवती से दुष्कर्म का अपराध दर्ज हुआ है।वहीं पीड़िता आज पहली बार मीडिया के सामने आई और कहा कि पलाश के स्वजन समझौता के लिए उन पर दबाव बना रहे हैं और कई भाजपा नेता भी उन्हें राजीनामा के लिए कह रहे हैं। हालांकि उसने भाजपा नेताओं का नाम नहीं लिया। पीड़िता ने कहा कि उनके परिवार के लोगों पर भी इसके लिए दबाव बनाया जा रहा है। पीड़िता ने कहा कि पलाश चंदेल ने शादी का झांसा देकर उनके साथ दुष्कर्म किया और बाद में मुकर गया। बार- बार समय मांगता रहा। 13 मार्च 2021 को उसने धोखे में रखकर गर्भपात कराया जबकि 18 अप्रैल 2021 को वह फिर घर आया और उसके साथ संबंध बनाने की कोशिश की और मना करने पर मारपीट भी की। जिससे उसके कान के अंदरूनी हिस्से में चोट आई उसे एक कान से कम सुनाई दे रहा है।
युवती का कहना है कि अगर उसे या उसके परिवार के किसी सदस्य को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी आरोपित के परिवार की होगी। ज्ञात हो कि व्यायाम शिक्षक आदिवासी युवती की शिकायत पर नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बेटे पलाश चंदेल के खिलाफ दुष्कर्म व गर्भपात के आरोप में महिला थाना रायपुर में अपराध दर्ज किया गया और डायरी जांजगीर भेजे जाने पर यहां नंबरी कर विवेचना शुरू की गई। इधर अपराध में जांच शुरू होने के बाद पलाश चंदेल फरार है। पुलिस की टीम उसकी तलाश के लिए उज्जैन व इंदौर भी गई है। इसके पूर्व नैला स्थित निवास में भी पुलिस पहुची थी मगर वह नहीं मिला।
बार-बार फेसबुक पर रिक्वेस्ट भेजता
जांजगीर में मीडिया के सामने आई युवती ने इस दौरान पलाश से उसके मिलने और दुष्कर्म से लेकर अब तक सारी कहानी बयान की। उसने बताया कि साल 2018 में पलाश ने उसे फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। वह इग्नोर करती तो बार-बार रिक्वेस्ट भेजता। इस पर उसने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। इसके बाद नैला स्टेशन पर उसकी पहली मुलाकात पलाश से हुई और वह पहचान गया। इसके बाद उससे बात करने के लिए आया।
घर आकर शादी का प्रस्ताव रखा
युवती का कहना है कि बातचीत के दौरान पलाश ने उसका मोबाइल मांगा और अपने नंबर पर मिस कॉल किया। साथ ही नंबर सेव करने के लिए बोला। इसके बाद हम दोनों के बीच बातचीत होने लगी। हम दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई। तीन जनवरी को पलाश घर आया और शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन मैंने आदिवासी होने के चलते मना कर दिया। इसके बाद भी पलाश ने कहा कि मेरा परिवार यह सब नहीं मानता है।
तीन दिन बाद आकर किया दुष्कर्म
युवती का कहना है कि उसने पलाश से समय मांगा। आरोप है कि इसके बाद छह जनवरी को फिर घर आया और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर भरोसा दिलाया कि वह शादी करेगा। अगले दिन फिर आया और कहा कि मैंने अपने परिवार से बात कर ली है। हमारी शादी हो जाएगी। यह भी कहा कि उसकी छोटी बहन की शादी होने वाली है, उसके बाद जल्द ही हम दोनों भी शादी करेंगे। इसके बाद से लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।
भ्रूण का वीडियो बनाया
युवती ने यह भी बताया कि जब उसका गर्भपात कराया गया तो उसने भ्रूण का वीडियो भी बनाया है। इसकी जानकारी उसने सिर्फ पुलिस को दी है। आरोप लगाया कि पलाश ने गर्भपात कराने की जानकारी मुझे नहीं दी। अगर वह बात करता तो मैं भी तैयार हो जाती, लेकिन उसने धोखा दिया। इसके बाद एक दिन घर आकर मारपीट की। इसके चलते उसके कान के पर्दे तक फट गए हैं।