एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना में आगे चल रही हैं. राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया कि सांसदों के वोटों की गिनती हुई है. द्रौपदी मुर्मू को 540 सांसदों ने वोट दिया जिसका मूल्य 378000 है. यशवंत सिन्हा को 208 सांसदों का वोट मिला जिसका मूल्य 145600 है. कुल 748 वोट पड़े हैं, जिनका मूल्य 523600 है.
राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया कि कुल 15 वोट अवैध थे. ये संसद (वोट) के आंकड़े हैं. देश के 15वें राष्ट्रपति के चयन के लिए 31 स्थानों पर मतदान 18 जुलाई को हुआ था. राष्ट्रपति चुनाव में 776 सांसदों और 4,033 निर्वाचित विधायकों समेत कुल 4,809 मतदाता मतदान के पात्र थे. इसमें मनोनीत सांसद व विधायक और विधान परिषद के सदस्य मतदान नहीं कर सकते. नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण 25 जुलाई को होगा.
राष्ट्रपति चुनाव के लिए मुकाबला एनडीए (NDA) की उम्मादवीर द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच है. द्रौपदी मुर्मू अगर ये चुनाव जीतकर राष्ट्रपति बन जाती हैं, तो वो स्वतंत्रता के बाद जन्मी इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाली पहली नेता होंगी. साथ ही वह देश की पहली आदिवासी और सबसे युवा राष्ट्रपति भी बन जाएंगी.
बता दें कि, जम्मू कश्मीर में विधानसभा नहीं होने की वजह से इस बार सांसदों के मतों का मूल्य 708 से घटकर 700 हो गया है. वहीं विधायकों के मतों के मूल्य राज्यों के हिसाब से अलग-अलग हैं. यूपी के विधायक का मत मूल्य सबसे अधिक है. यूपी के विधायक के मत का मूल्य 208 है वहीं इसके बाद झारखंड और तमिलनाडु के विधायकों का मूल्य 176 रहा है.