कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के उस बयान पर भाजपा ने तंज कसा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस में सबकुछ ठीक है। प्रदेश अध्यक्ष बदलने की जरूरत नहीं है। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी नलिनीश ठोकने ने कहा कि मंत्री विभाग छोड़ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष से मुख्यमंत्री की ठन रही, फिर भी कांग्रेस में सब ठीक। पुनिया की ये बात जनता को कुछ हजम नहीं हुई। कांग्रेस की अंतरकलह रोज उजागर हो रही है। इससे घबराए पुनिया भाजपा में अंतरकलह होने का भ्रम फैला रहे हैं।
ठोकने ने कहा कि भाजपा में गुटबाजी के लिए कोई स्थान नहीं है। यह कांग्रेस की ही संस्कृति है और कांग्रेस को ही मुबारक हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सरकार नहीं संभल रही और मोहन मरकाम से संगठन। यदि सत्ता और संगठन में तालमेल है, तो कांग्रेस की हर बैठक में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के बीच महाभारत क्यों हो रही है? मरकाम प्रदेश संगठन को किनारे रखकर कोंडागांव में क्यों सिमट गए हैं। टीएस सिंहदेव ने पंचायत मंत्री के पद से इस्तीफा क्यों दिया?