साइबर ठगों ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्य सचिव अजय सिंह की डाक्टर पुत्री से दो लाख 94 हजार रुपये की ठगी की। ठग ने स्वयं को सीआइएसएफ का जवान बताते हुए 15 जवानों का स्कीन टेस्ट करवाने के नाम पर उन्हें झांसे में लेकर ठगी की।
तेलीबांधा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीआइपी रोड स्थित मौलश्री विहार निवासी डा. अदिति सिंह ने ठगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। अदिति पेशे से चिकित्सक हैं। वे स्किन का इलाज करती हैं। 11 जून को उनके नंबर पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। ठग ने मरीज बनकर ही इन्हें फोन किया। खुद को सीआइएसएफ का जवान बताकर अपने झांसे में लिया। 15 जवानों का स्कीन टेस्ट करवाने की बात कहीं।
ठग ने कहा कि चेक-अप की फीस लगेगी वो में आपको आनलाइन भेज दूंगा। आनलाइन पेमेंट लेने के लिए डा. अदिति राजी हो गईं। ठग ने युवती से फोन-पे डाउनलोड करने को कहा। उन्होंने वैसा ही किया। इसके बाद ठग ने कुछ और एप और लिंक मोबाइल में भेजकर खाते की जानकारी ले ली। इसके बाद दो बार में कुल दो लाख 94 हजार 470 रुपये कट गए।