थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने पांच सौ के नकली नोटों समेत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह अपनी दुकान में रंगीन फोटो स्टेट मशीन से नोट छापता था और भीड़भाड़ वाली दुकानों पर उन्हें चला देता था। पुलिस को आरोपी के कब्जे से 104 बने और 16 अधबने नोट बरामद हुए हैं। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि सात मई को करीब 6:30 बजे प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन रवि कुमार पुलिस के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर पंथवारी तिराहा के पास एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 500 के 97 नकली नोट बरामद हुए।
पुलिस आरोपी को थाने ले आई यहां पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि कुमार निवासी बिलंदापुर गोटिया थाना रौजा बताया। उसने बताया कि मठिया कॉलोनी थाना रोजा में उसकी मोबाइल व फोटोस्टेट की दुकान है। जहां पर वह रंगीन फोटोस्टेट मशीन से नोट छाता है। पेपर कटर, ब्लेड स्केल की मदद से कटिंग करके हूबहू असली की तरह तैयार कर लेता है। सारा सामान उसकी दुकान में मौजूद है। इन नोटों को वह भीड़ भाड़ वाली दुकानों जैसे शराब की दुकान और सब्जी मंडी आदि में चला देता है।
इसके बाद पुलिस ने मठिया कॉलोनी स्थित आरोपी की दुकान में छापा मारा तो वहां सात बने, 16 अधबने पांच सौ के नोट और नोट छापने में प्रयुक्त सामान बरामद हुआ। एसपी ने बताया कि आरोपी ने अब तक लगभग 40 नकली नोटों को मार्केट में चला दिया है। आरोपी के खिलाफ 489 ए, 489 भी, 489 सी, 489 डी के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।