शहर की न्यू खंडेलवाल काॅलोनी में चोरी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने चोरी की वारदात को दिनदहाड़े अंजाम दिया है। तब मकान मालिक अपने ड्यूटी पर थे। आरोपियों ने घर से करीब 80 हजार के जेवरात की चोरी कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार न्यू खंडेलवाल काॅलोनी में रहने वाले प्रकाश मानकर बुधवार को अपनी ड्यूटी में देवादा गए हुए थे, वहीं उनकी पत्नी नर्सिंग कॉलेज गई हुई थी। दोनों घर में ताला लगाकर सुबह करीब 10.30 बजे अपनी ड्यूटी के लिए निकले थे। शाम में जब लौटे तो घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था, भीतर सामान बिखरे पड़े थे और आलमारी भी खुली हुई थी। आलमारी में देखने पर नकदी रकम सहित सोने की मंगलसूत्र, चैन, लॉकेट, चांदी की चूड़ी, पायल सहित देवी की मूर्ति की चोरी कर ली गई थी। चोरी गए जेवरात की कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई गई है।
इसके बाद उन्होंने घर के मेन गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की। जिसमें दो नकाबपोश आरोपी बाउंड्री वाल कूदकर घर में दाखिल होते और बड़ी ही चालाकी से ताला तोड़कर भीतर दाखिल होते दिख रहे हैं। कोतवाली पुलिस की टीम ने भी सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर संदेहियों की पतासाजी शुरू कर दी है। दिन दहाड़े चोरी की वारदात भी पुलिस की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। वहीं आम लोगों ने ऐसी स्थिति से चिंता बनी हुई है।
नहीं थम रही शहर में चोरियां, लोग परेशान शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते कुछ महीने में आरोपियों ने पॉश कालोनी के मकानों को निशाना बनाया। इसमें से ज्यादातर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन इसके बाद भी वारदात लगातार जारी है। इसकी बड़ी वजह संदेहियों की धरपकड़ नहीं होना है।