छत्तीसगढ़ के बालोद में 80 साल के एक बुजुर्ग का शव कुएं में मिला है। कुएं के पास ही बुजुर्ग की चप्पलें भी मिली हैं। परिजनों का कहना है कि वह सुबह उनको घर में नहीं देख तलाश किया तो उनका शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल हत्या, हादसा या खुदकुशी के बीच गुत्थी उलझ गई है। मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम रुदा निवासी बघेला बारले (80) का शव बुधवार तड़के करीब चार बजे कुएं में मिला है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि, सुबह बघेला को घर में नहीं देखकर सभी लोग तलाश करने के लिए निकले। इस दौरान घर के पास ही कुएं के किनारे उनकी चप्पलें दिखाई दी। इस पर परिजनों ने घबराहट में कुएं में झांककर देखा तो अंदर शव तैर रहा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।