
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के एक गांव में फूड पाइजनिंग का मामला सामने आया है। गांव के बाजार में पानीपुरी खाने से नौ साल की एक बच्ची की मौत हो गई और 18 अन्य बीमार हो गए। बीमारों में भी अधिकांश बच्चे हैं।
यह घटना सोमवार को हुई। पुलिस ने मंगलवार को मीडिया को यह जानकारी दी। आरंभिक सूचना के अनुसार पीड़ितों ने रविवार को एक रेहड़ी वाले से मसालेदार गुपचुप, जिसे आमतौर पर पानीपुरी कहा जाता है, खाई थी। इसके बाद सोमवार को उन्हें पेटदर्द व उल्टी की शिकायत हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि घटना सोमवार को बिल्हा थाना क्षेत्र के देवकिरारी गांव में हुई। पुलिस के अनुसार पीड़ितों में ज्यादातर बच्चे हैं। उन्हें गंभीर हालत में सोमवार रात को बिल्हा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उनमें से चार की स्थिति ज्यादा खराब होने से उन्हें बिलासपुर के छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेस (CIMS) ले जाया गया। सिम्स लाए गए चार बच्चों में से नौ साल की मीनाक्षी कोशले को मृत घोषित कर दिया गया। दो अन्य को उनके परिजनों ने निजी अस्पतालों में भर्ती करा दिया।
15 का इलाज सामुदायिक चिकित्सा केंद्र में चल रहा है। इस संबंध में जांच शुरू कर दी गई है। बिलासपुर के सीएमएचओ डॉ. प्रमोद महाजन ने बताया कि आरंभिक रूप से यह फूड पाइजनिंग का केस प्रतीत होता है। हालांकि, लोगों के बीमार पड़ने का सही कारण पता लगाने के लिए जांच चल रही है।