गोरखपुर जिले में हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के पचौरी-सिंघवलिया मार्ग पर बुधवार शाम में सिसवा की तरफ से आ रही तेज अनियंत्रित बोलेरो चालक ने सवारी भरे ऑटो में ठोकर मार दी, जिसमें भलुवा गाव की दो चचेरी बहनों, ऑटो ड्राइवर सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दुर्घटना के बाद लोग घायलों की मदद करने के बजाय उनका वीडियो बनाने लगे और सोशल मीडिया पर वायरल करने लगे। हालांकि, जब इसकी जानकारी प्रभारी निरीक्षक हरपुर बुदहट संदीप यादव को हुई तो उन्होंने हल्का दरोगा और सिपाहियों को घायलों की मदद के लिए भेजा।
मौके पर पहुंची हरपुर बुदहट पुलिस ने घायलों को दो एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों के परिजनों ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ थाने में तहरीर भी दी है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब पांच बजे एक ऑटो कुछ सवारी बिठाकर पचौरी चौराहे की तरफ जा रहा था, जिसमें भलुवा गांव की दो चेचेरी बहनें चंदा (19) और वंदना (20) सहित दो अन्य सवारी बैठीं थीं। अभी गाड़ी मदरिया पुलिया के पास पहुंची थी कि सामने से तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने ऑटो में ठोकर मार दी, जिससे सभी सवारी नीचे सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।वहीं, ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का आगे का हिस्सा भी टूट गया। घायलों में चन्दा, वंदना, और ऑटो ड्राइवर अकरम पुत्र इस्माइल, और रफीक पुत्र शौकत अली सहित एक अन्य व्यक्ति को पुलिस जिला अस्पताल में इलाज के लिए भेजा है। घटना के बाद चालक बोलेरो छोड़कर फरार हो गया।