भरतपुर जिले की कुम्हेर तहसील में बकरियों को पानी पिलाते समय तालाब में डूबने से मां बेटी की मौत हो गई। महिला अपनी दो बेटियों और देवर की बेटी के साथ बकरियां चराने के लिए तालाब के पास गई थी। बकरियों को पानी पिलाते समय 13 साल की बच्ची का पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गई उसे बचाने के लिए मां भी तालाब में कूदी लेकिन वह भी तालाब में ही डूब गई। मां को बचाने के लिए बड़ी बेटी तालाब में कूदी जब वह भी डूबने लगी तो उसे चाचेरी बहन ने बचाकर बाहर निकाला।
यह है पूरा मामलामामला कुम्हेर तहसील के पचौरा गांव का है। गांव की रहने वाली नगीना (36) अपनी बड़ी बेटी रिषिका (16), पूनम (13) और देवर की बेटी आरती के साथ बकरियां चराने के लिए गांव से पांच सौ मीटर दूर तालाब पर गई थी। इस दौरान नगीना, रिषिका और आरती पेड़ के नीचे बैठी थीं। पूनम तालाब पर बकरियों को पानी पिला रही थी। इसी दौरान पूनम का पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गई।पूनम को तालाब में गिरता देख उसे बचाने के लिए मां नगीना भी तालाब में कूद गई, लेकिन नगीना भी तालाब में डूबने लगी। यह देख नगीना की बड़ी बेटी रिषिका भी कूदी तो उसे चचेरी बहन आरती ने रस्सी डालकर बचा लिया। लेकिन नगीना और पूनम तब तक तालाब में डूब चुकी थीं।परिजनों और ग्रामीणों को दी सूचनाहादसे के बाद रिषिका और पूनम भागकर गांव पहुंची और घटना के बारे में ग्रामीणों और परिजनों को बताया। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे तो नगीना का शव तालाब में ही पड़ा था। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला। पूनम की लाश नहीं मिली तो ग्रामीणों ने पुलिस को कॉल कर सूचना दी, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से शव के लिए सर्चिंग अभियान शुरू किया। दो घंटे बाद शव बरामद हो सका। तालाब 20 फीट गहरा था, जिसमें करीब 12 फीट पानी भरा हुआ था। दोनों शवों को पुलिस कुम्हेर अस्पताल लेकर आई, जिन्हें पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।इतने हैं भाई-बहनपूनम 2 भाई और 2 बहन थी। जिसमें से पूनम तीसरे नंबर की थी। पूनम के पिता रंजीत मजदूरी करते हैं। रंजीत के घर की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है।