राजनांदगांव , जिला भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज जिला भाजपा कार्यालय में अपने तय समय पर ठीक सुबह 11 बजे ध्वजारोहण के साथ पंडित शिवकुमार शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि देकर प्रारंभ हुआ । प्रशिक्षण वर्ग की उपादेयता एवं महत्व विषय को प्रतिपादित करते हुए वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख ने कहा कि जीवन मूल्यों को मूल्यवान बनाने के लिए जीवन के हर मोड़ पर सीखने की जरूरत होती है, भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर काम करती है इसलिए समय-समय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण एवं प्रबोधन किया जाता है। हमारी पार्टी परंपरा में ऊपर से लेकर शक्ति केंद्र और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाता है। जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन विषय भारत के वैश्विक परिदृश्य की मीमांसा करते हुए क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडे ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत ही एक ऐसा देश है जो वसुधैव कुटुंबम की बात करता है, विश्व का कल्याण हो यह हमारी वैचारिक धरोहर है, किंतु यह इस देश के साथ दुर्भाग्य रहा कि आजादी के बाद जिन भारतीय मूल्य की पुनर्स्थापना होनी चाहिए थी। सदियों से चले आ रहे भारतीय सिद्धांतों को अपनाना चाहिए था, उससे देश भटक गया। शक, हुन, मुगलों तथा अंग्रेजों की सदियों की गुलामी ने हमारे जिन मूल्यों को तहस-नहस किया था उसे स्थापित किया जाना चाहिए था। सौभाग्य से ही सही आजादी के छह दशक बाद जब अटल बिहारी बाजपेई और नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली तब यह सिलसिला प्रारंभ हुआ ।
चीन ने पूरी दुनिया को करोना वायरस दिया तो भारत ने पूरे विश्व को दवाइयां दी।
आज रक्षा के क्षेत्र से लेकर हर मोर्चे पर भारत का आत्मनिर्भर बन रहा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व समुदाय के सामने आज भारत का मस्तक हिमालय की तरह ऊंचा है। पूरी दुनिया भारत के नेतृत्व के आगे नतमस्तक है। विश्व बाजार में भारत अब खरीदने वाला नहीं बल्कि निर्यात करने वाला देश बन गया है, उन्होंने कहा कि सदियों से सोए हुए भारतीय स्वाभिमान को नरेंद्र मोदी ने जगा दिया ।और इसी का परिणाम है कि आज पूरी दुनिया में भारत की जय जय कार हो रही है । इस सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष अग्रवाल ने की।शिविर के प्रारंभ में जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने 3 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग के संदर्भ में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और कहा कि हम सब समय पर प्रत्येक सत्र में उपस्थित हो विषय का विस्तार देने के लिए आ रहे विशेषज्ञों से विषय को समझें और अपनी समस्या का समाधान भी प्राप्त कर सकते हैं ।
शिविर के दूसरे सत्र में भाजपा का इतिहास एवं विकास विषय पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने कहा कि भाजपा देश में प्रचलित राजनीतिक दलों से अलग तरह की पार्टी है, हमारे सिद्धांत और विचार तथा कार्य शैली अलग है । जहां से दूसरी पार्टियों के सोच व विचार समाप्त होते हैं वहां से भाजपा के विचारों का प्रादुर्भाव होता है । उन्होंने भाजपा के संघर्षशील इतिहास की जानकारी देते हुए बताया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1975 में आपातकाल लगाकर देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को हमेशा के लिए खत्म करने की जो कूट रचना की थी वह तत्कालीन भारतीय जन संघ के कार्यकर्ताओं के संघर्ष के फल स्वरुप हमने देश में लोकतंत्र की पुनर्स्थापना कर पाए ,इस दौरान हमारे अनेक कार्यकर्ताओं ने जेलों में लंबी यातनाएं सही, भूखे रहे, प्यासे रहे और बलिदान भी दिया। किंतु देश के लिए अग्रिम पंक्ति में संघर्ष करते रहे। इस सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश एच लाल ने की। इसी प्रकार तीसरे सत्र में मीडिया के व्यवहार एवं उपयोग विषय पर मीडिया संपर्क विभाग के प्रदेश संयोजक रसिक परमार ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को वर्तमान समय में मीडिया की उपयोगिता पर विस्तार से बातें बताई और कई उदाहरणों से मीडिया की महत्ता पर विषय रखा इस सत्र की अध्यक्षता मजदूर संघ के प्रदेश संगठन मंत्री योगेश दत्त मिश्रा ने की।
इसी तरह प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने चतुर्थ सत्र में पिछले 8 वर्षों में अंत्योदय पहल पर अपने विचार रखते हुए केंद्र में बैठी मोदी सरकार के लिए गए अद्भुत ऐतिहासिक फैसलों को विस्तार से बताते हुए कहा कि अंतिम व्यक्ति तक अंत्योदय का सिद्धांत पहुंचाने का कार्य नरेंद्र मोदी ने किया है जिसकी सर्वत्र प्रशंसा हो रही है। इस सत्र की अध्यक्षता भाजपा नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा ने की।
इसी तरह पंचम सत्र सांसद विजय बघेल की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ, जिसमें उन्होंने 2014 के बाद विश्व में आए युगांतकारी परिवर्तन पर अपने विचार रखे और उपस्थित कार्यकर्ताओं को बताया कि भाजपा की केंद्र में बैठी मोदी सरकार ने किस तरह से भारत में सैद्धांतिक, आर्थिक एवं भौतिक तथा आत्मनिर्भर भारत की कल्पना करते हुए सभी तरह के प्रयास किए और भारत का नाम विश्व में गुंजायमान किया है। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक सरोजनी बंजारे ने की।
इसी तरह आज का अंतिम सत्र पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने लेते हुए आत्मनिर्भर भारत पर अपना व्याख्यान दिया और बताया कि भारत अब बदल रहा है। सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक संजीव शाह ने की। पूरे प्रशिक्षण सत्र का संचालन जिला महामंत्री सचिन बघेल एवं उपाध्यक्ष सावन वर्मा ने किया।